आईपीएस आशुतोष मिश्रा ने बताया कि उनकी मां के मुंह में तौलिया मिला था।चेहरे पर खून के निशान थे। शरीर पर मौजूद सभी जेवर गायब थे। इन परिस्थितियों में परिवार ने हत्या की आशंका जताई थी। जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय मां इंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जांच जारी है। बुधवार को एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार आईपीएस के गांव पहुंचे। उनके साथ डीआईजी अयोध्या रेंज सोमेन वर्मा और एसपी प्राची सिंह भी थीं। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल से जुड़ी जानकारी लेने के साथ अब तक हुई जांच की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान आईपीएस आशुतोष मिश्रा ने एडीजी से मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उनकी मां के जेवर अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस की जांच पूरी होने से पहले मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। उन्होंने मामले को लेकर सामने आ रही चर्चाओं और दावों पर भी नाराजगी जताई।
जांच निष्पक्ष हो, एक-दो महीने लगें तो भी आपत्ति नहीं
आशुतोष मिश्रा ने बताया कि उनकी मां के मुंह में तौलिया मिला था और चेहरे पर खून के निशान थे। इसके अलावा शरीर पर मौजूद सभी जेवर गायब थे। इन परिस्थितियों में परिवार ने हत्या की आशंका जताई थी। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने एडीजी से बातचीत में विशेष टीम गठित कर मामले का खुलासा कराने का अनुरोध किया। आशुतोष ने कहा कि दोषी तक पहुंचने में एक-दो महीने भी लग जाएं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। किसी निर्दोष व्यक्ति को गलत तरीके से नहीं फंसाया जाना चाहिए।
पुलिस निर्दोष को क्यों फंसाएगी : एसपी
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवालों के बीच एसपी प्राची सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच की जा रही है। पुलिस किसी निर्दोष को क्यों फंसाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर जेवरात बरामद होने की चर्चाओं को भी स्पष्ट किया। एसपी ने कहा कि एफआईआर में बताए गए अधिकांश जेवरात अभी बरामद नहीं हुए हैं। घटनास्थल से मिली तुलसी की माला और कीलनुमा पीली धातु की कुछ चीजें परिवार को सौंप दी गई हैं। सोशल मीडिया पर चल रही सूचनाओं को तथ्यों के आधार पर ही देखा जाना चाहिए।
पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं
एसपी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित किया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। बिसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं। टीमें घटनास्थल की परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं। पूछताछ और बयानों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है। एसपी ने कहा कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किए बिना किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जाएगा।
ज्वेलरी बरामद होने की बात का पुलिस ने किया खंडन
इंद्रावती देवी की मौत के मामले में सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं को लेकर पुलिस ने खंडन जारी किया है। पुलिस के प्रेसनोट के अनुसार मृतका की ज्वेलरी बरामद होने और पुलिस द्वारा इस संबंध में गलत तथ्य प्रस्तुत करने का आरोप तथ्यात्मक रूप से गलत है। पुलिस के मुताबिक एफआईआर में उल्लेखित ज्वेलरी की अभी तक बरामदगी नहीं हुई है। ज्वेलरी की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। बरामदगी होने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इसकी जानकारी दी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और उन्हें आगे प्रसारित करने से बचें।



