सीबीआई ने हाई प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मामले में सोमवार को कोर्ट में चार्जशीट दायर कर दी। चार्जशीट में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर पर ट्विशा को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित करने का आरोप लगाया कि उसे अपनी जान देने के अलावा कोई और विकल्प नजर नहीं आया।
ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले की जांच कर रही सीबीआई ने सोमवार को ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ लगभग 1,000 पन्नों की चार्जशीट भोपाल की स्पेशल कोर्ट में दायर कर दी। चार्जशीट में सीबीआई ने दहेज की मांग और कथित दहेज हत्या के दावों की जांच को खुला रखते हुए गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच करने वाली सीबीआई ने आरोप लगाया कि समर्थ और उसकी मां गिरिबाला दोनों ने ट्विशा पर मानसिक अत्याचार किया, जिससे उसके पास अपनी जान देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। समर्थ से शादी के 5 महीने बाद पूर्व मॉडल और एक्टर ट्विशा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं।
मौत से पहले भाभी को भेजा आखिरी मैसेज
ट्विशा शर्मा ने मौत से पहले अपनी भाभी को भेजे संदेश में लिखा था, ”उससे कहो कि वह अपनी पत्नी का बचा-खुचा सामान ले जाए। लेकिन कल। अभी मुझे शांति से मरने दो।” सीबीआई द्वारा अदालत में दाखिल चार्जशीट में इसका जिक्र किया गया है। आरोप है कि कुछ ही मिनटों बाद ट्विशा शर्मा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी।
सीबीआई ने चार्जशीट में कहा कि 12 मई 2026 की रात 9:36 बजे 34 साल की पूर्व मॉडल द्वारा भेजा गया मैसेज जांच का मुख्य केंद्रबिंदु बन गया। इस मैसेज से पति और सास द्वारा कथित तौर पर उसका ‘मानसिक उत्पीड़न’ का संकेत मिलता है, जिसके कारण उसने आत्महत्या कर ली।
सीबीआई ने दोनों आरोपियों ट्विशा के साथ क्रूरता करने, आत्महत्या के लिए उकसाने और साझा इरादे से जुड़े अपराधों से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धाराएं लगाई गई हैं। चार्जशीट में समर्थ और गिरिबाला द्वारा शादी के छह महीनों के दौरान ट्विशा पर कथित तौर पर किए गए घरेलू और मानसिक उत्पीड़न की जानकारी दी गई है।
जांच एजेंसी अब भी ट्विशा और समर्थ के फोन से पूरी फोरेंसिक डिटेल एकत्र करने और भोपाल में गिरिबाला सिंह के घर लगे सीसीटीवी के डीवीआर का इंतजार कर रही है। माना जा रहा है कि इनमें 12 मई की वे घटनाएं रिकॉर्ड हुई होंगी, जब ट्विशा ने जिम्नास्टिक्स की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
दिल्ली एम्स ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया आत्महत्या
पोस्टमॉर्टम और उसके बाद एम्स दिल्ली के मेडिकल बोर्ड ने इस राय से सहमति जताई है कि यह आत्महत्या का मामला था। चार्जशीट के अनुसार, ”मौत की वजह दम घुटना है, जो मरने से पहले फांसी लगाने की वजह से हुआ। यह आत्महत्या का मामला है और फांसी के लिए छल्ले वाली जिम्नास्टिक बेल्ट का इस्तेमाल किया गया था। मृतका के शरीर पर मौत से पहले मारपीट या हाथापाई का कोई संकेत देने वाली चोट नहीं मिली है।”
भोपाल की स्पेशल कोर्ट में सोमवार को सीबीआई द्वारा दाखिल चार्जशीट में कहा गया कि सुसाइड करने से कुछ मिनट पहले ट्विशा ने अपने आईफोन से अपनी भाभी राशि अब्रोल को एक ‘टेक्स्ट मैसेज’ भेजा था। कथित तौर पर लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उठाए गए इस कदम से पहले, उस शाम कई लोगों के बीच लगातार फोन कॉल का दौर चला था और ट्विशा का वह मैसेज उसका आखिरी मैसेज साबित हुआ।
डिजिटल जांच के मुताबिक मैसेज और कॉल का सिलसिला शाम 7:51 बजे शुरू हुआ, जब ट्विशा ने भाभी राशि को फोन किया। उसने आरोप लगाया कि समर्थ उस पर चीनी शेयर बाजार में 20 लाख रुपये का निवेश ट्रांसफर करने का दबाव बना रहा था, जिसके लिए उसने मना कर दिया था।
सीबीआई की चार्जशीट के मुताबिक, उस रात दोनों परिवारों के बीच 34 से ज्यादा बार संपर्क करने की कोशिशें हुईं। इसमें कहा गया कि ट्विशा की मां मामले में हस्तक्षेप के लिए समर्थ और उसकी मां गिरिबाला सिंह से संपर्क करने की पुरजोर कोशिश कर रही थीं।
बातचीत से पता चला कि रात 9:20 बजे तक हालात बिगड़ रहे थे, जब ट्विशा ने रोते हुए भाभी को दोबारा फोन किया और बताया कि उसने समर्थ से ‘पीठ दर्द’ की वजह से अलग बेडरूम में सोने के लिए कहा था, जिस पर समर्थ हिंसक हो गया और फिर फोन अचानक कट गया।
भाभी राशि अब्रोल ने जब रात 9.29 बजे वापस कॉल करने की कोशिश की, तो ट्विशा की केवल सिसकी सुनाई दी और फिर से फोन कॉल कट गया।
चार्जशीट के मुताबिक रात 9:36 बजे ट्विशा ने राशि को एक आखिरी मैसेज भेजा, ”उससे कहो कि अपनी पत्नी का बचा-खुचा सामान ले जाए। लेकिन कल। अभी मुझे शांति से मरने दो।”
घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में ट्विशा को रात 9:40 बजे अकेले छत की ओर जाते हुए देखा गया, और उसके ठीक एक मिनट बाद रात 9:41 बजे उसने अपने पिता को आखिरी कॉल वॉट्सऐप पर किया। ट्विशा के पिता से रोते हुए शिकायत कर रही थी कि समर्थ ‘बहुत आक्रामक और हिंसक’ हो गया है और वह अपने परिवार से तुरंत भोपाल आने की गुहार लगा रही थी।
चार्जशीट के मुताबिक ट्विशा ने आखिरी फोन रात 10:05 बजे अपनी मां रेखा रानी शर्मा को किया था, जिसमें उसने समर्थ के आक्रामक व्यवहार के बारे में फिर से बताया था और फिर कॉल कट गया। इसके बाद, रेखा रानी ने ट्विशा को कई बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला और समर्थ और गिरिबाला सिंह ने भी उनके कई कॉल्स का कोई जवाब नहीं दिया।
एजेंसी ने बताया कि गिरिबाला ने रात 10:10 बजे तक फोन का जवाब नहीं दिया। इसके बाद जब गिरिबाला ने फोन उठाया तो रेखा रानी ने उन्हें बताया कि ट्विशा बहुत रो रही है, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रिटायर्ड जज रात 10:16 बजे ट्विशा को देखने के लिए अपने कमरे से बाहर निकलीं। ग्राउंड फ्लोर पर जब उन्हें कोई नहीं मिला तो उन्होंने रात 10.18 बजे ट्विशा के फोन किया, जिसका कोई जवाब नहीं मिला। 5 मिनट बाद समर्थ और उसकी मां कैमरे में छत की ओर जाते हुए दिखे, जहां ट्विशा एक ‘जिम्नास्टिक बेल्ट’ से लटकी हुई मिली।
एफआईआर के मुताबिक, समर्थ उसे एम्स भोपाल ले गया, जहां उसने दावा किया कि ट्विशा ने रात 10:20 बजे घर पर फांसी लगा ली थी।



