मध्य प्रदेश में एक चाचा ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए अपनी ही भतीजी को गर्भवती कर दिया। वह 4 महीने तक डरा-धमकाकर उसके साथ रेप करता रहा। मामला तब सामने आया जब लड़की के गर्भवती होने का पता चला। पीड़ित लड़की के परिजनों ने पुलिस में केस दर्ज कराया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
चाचा को बाप का दर्जा दिया जाता है, लेकिन मध्य प्रदेश में चाचा ने इस भरोसे का कत्ल कर दिया। धार जिले की कुक्षी तहसील के बाग थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ उसके चाचा द्वारा कथित रूप से लगातार रेप किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के गर्भवती होने के बाद घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी राजू डावर परिवार की गैरमौजूदगी में पीड़िता के साथ कथित रूप से रेप करता था। आरोप है कि पहली घटना 7 फरवरी की रात हुई, जब पीड़िता की मां शादी समारोह में शामिल होने गई थी। आरोपी ने घर में घुसकर पीड़िता को धमकी देकर उसके साथ रेप किया।
शिकायत के अनुसार इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाकर कई बार उसके साथ रेप किया। यह सिलसिला करीब चार माह तक चलता रहा। बाद में पीड़िता के स्वास्थ्य में बदलाव और माहवारी रुकने पर उसकी मां ने पूछताछ की। इसके बाद पीड़िता ने रोते हुए अपनी मां को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर बाग थाने पहुंचे, जहां महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में उसके बयान दर्ज किए गए। थाना प्रभारी हीरु सिंह रावत ने बताया कि आरोपी राजू डावर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे।



