जांचकर्ताओं ने पहले कहा था कि वे ट्रेकिंग से पहले के दिनों में व्यक्ति की डिजिटल गतिविधि की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उन्हें एक AI टूल पर पहाड़ी की ऊंचाई और ऊंचाई से जानलेवा तरीके से गिरने पर किसी व्यक्ति के साथ क्या हो सकता है, इस बारे में की गई एक क्वेरी मिली।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पास स्थित पहाड़ी इलाके से लापता हुए इंदौर के 31 वर्षीय युवक अद्वैत उपाध्याय का सात दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अद्वैत शुक्रवार 7 अगस्त को शहर के बाहरी इलाके में स्थित शिवगंगे हिल्स एरिया में अकेले ट्रेकिंग के लिए गया था, और तब से ही उसके बारे में कुछ जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस ने बताया कि लापता युवक बेंगलुरु के ‘व्हाइटफील्ड’ इलाके की एक फायनेंस कंपनी में काम करता है और उसके लापता होने की खबर मिलने के बाद पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चला रखा है। हालांकि सात दिन बाद भी युवक का कुछ पता नहीं चला है।
पुलिस के अनुसार शहर के बेगुर इलाके में रहने वाले अद्वैत ने अपनी मंगेतर को शिवगंगे में ट्रेकिंग पर जाने की योजना के बारे में बताया था और इसके लिए उसने एक बाइक भी किराए पर ली थी। पुलिस ने बताया कि अद्वैत शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पहाड़ी पर पहुंचा था और ऊपर जाने से पहले उसने अपनी मोटरसाइकिल को पहाड़ी की तलहटी में खड़ा कर दिया था। सर्चिंग के दौरान वह बाइक तो वहां खड़ी हुई मिल गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका है। युवक का मोबाइल फोन भी तब से ही बंद है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद काडुगोडी थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अद्वैत का पता लगाने के लिए शिवगंगे और उसके आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी में अद्वैत को ट्रेकिंग के लिए पहाड़ी पर जाते हुए भी देखा गया है, लेकिन उसके बाद वह कहां गया उसकी कोई जानकारी नहीं मिली है।
अद्वैत के परिवार ने आशंका जताते हुए कहा कि हो सकता है लुटेरों ने उसे अकेला देखकर उसका अपहरण कर लिया होगा और उसे नुकसान पहुंचाया होगा। उधर बेंगलुरु पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘युवक की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान जारी है। हम सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं।’
जांचकर्ताओं ने पहले कहा था कि वे ट्रेकिंग से पहले के दिनों में व्यक्ति की डिजिटल गतिविधि की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उन्हें एक AI टूल पर पहाड़ी की ऊंचाई और ऊंचाई से जानलेवा तरीके से गिरने पर किसी व्यक्ति के साथ क्या हो सकता है, इस बारे में की गई एक क्वेरी मिली।
कर्नाटक पुलिस के इंस्पेक्टर बी. गोवर्धन ने बुधवार को बताया था कि, ‘जांच के नजरिए से ये सर्च महत्वपूर्ण हैं। हमें शिवगंगे से संबंधित क्वेरी मिलीं, जिसमें उसकी ऊंचाई और पहाड़ी से गिरने पर क्या हो सकता है, जैसी बातें शामिल थीं। AI टूल के जरिए ऐसे गिरने के नतीजों के बारे में भी सर्च किया गया था।’
उधर अद्वैत के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद इंदौर पुलिस भी सक्रिय हो गई है और उसने युवक की तलाश के लिए बेंगलुरु पुलिस को मदद की पेशकश की। इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया, ‘हमें सोशल मीडिया से जानकारी मिली कि मूलत: इंदौर के निवासी अद्वैत उपाध्याय (31) बेंगलुरु के पास शिवगंगे में ट्रेकिंग के दौरान लापता हो गए हैं। हमने इस मामले में कर्नाटक पुलिस से संपर्क किया है और जांच में आवश्यक सहयोग की पेशकश की है।’
गुरुवार को इस मामले की जानकारी देते हुए डंडोतिया ने एएनआई से कहा, ‘इस मामले को लेकर बेंगलुरु में करुगुड़ी पुलिस स्टेशन में उसके लापता होने की FIR दर्ज की गई है, और इसके बाद से ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ NDRF-SDRF की टीम, वन विभाग की टीम और लोकल लोग युवक को ढूंढने के लिए सर्चिंग कर रहे हैं।’
आगे उन्होंने बताया कि ‘दो पुलिस कमिश्नरेट भी लगातार उनके संपर्क में हैं और उनसे लगातार अपडेट ले रहे हैं। आज सुबह भी बात हुई थी, उनके द्वारा बताया गया कि अभी तक अद्वैत उपाध्याय का कुछ सुराग नहीं मिला है और सर्चिंग जारी है। युवक की खोज के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल युवक के लापता होने में इंदौर का कोई कनेक्शन सामने नहीं आया है। युवक के कुछ रिश्तेदार वहां गए हैं और उसे ढूंढने में पुलिस की मदद कर रहे हैं।’ (एजेंसी इनपुट के साथ)



