अपनी यात्रा के बारे बताते हुए भाजपा विधायक भावना बोहरा ने कहा, ‘यह कांवड़ यात्रा आस्था, संकल्प, साधना और जनकल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ने का एक आध्यात्मिक प्रयास है। हर कदम हमें महादेव के और करीब ले जा रहा है और मन में प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के संकल्प को और मजबूत कर रहा है।’
छत्तीसगढ़ की पंडरिया सीट से भाजपा विधायक भावना बोहरा करीब 700 लोगों को साथ लेकर कांवड़ यात्रा पर निकली हैं। 151 किलोमीटर लंबी उनकी यह ‘बोल बम’ कांवड़ यात्रा मध्य प्रदेश के अमरकंटक से शुरू होकर भोरमदेव मंदिर तक जाएगी। इस दौरान उनके साथ पर बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज की छात्राएं और घरेलू गृहणियां भी साथ हैं। यहां तक इस यात्रा में उनके साथ 16 ऐसे बैगा आदिवासी भी हैं, जिनकी घर वापसी कराई गई है।
इस बारे में मंगलवार को समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए भाजपा विधायक ने रास्ते में आने वाली कठिनाइयों पर बात की और कहा कि ‘सोमवार को हमारी यात्रा की शुरुआत हुई और हमने एक पड़ाव पार किया।’ उन्होंने बताया कि ‘पहले दिन हमने लगभग 20 किलोमीटर की यात्रा की। दूसरे दिन की यात्रा शुरू हो चुकी है। लगभग 700 कांवड़िये साथ में हैं। निश्चित रूप से रास्ता बहुत कठिन है, कंकड़-पत्थर और पानी से भरा हुआ और जंगल से निकलता हुआ है, लेकिन फिर भी कावंड़ है तो मन में विश्वास है कि मन में जो संकल्प है वो जरूर पूरा होगा।’
भावना ने बताया कि इस यात्रा में उनके साथ धर्म परिवर्तन कर चुके ऐसे बैगा आदिवासी भी हैं, जिनकी घर वापसी करवाई गई है। उन्होंने कहा, ‘खुशी है कि हमारे साथ लगभग 16 बैगा आदिवासी भाई-बहन साथ में हैं। ये सभी धर्म से विमुख हो गए थे, जिसके बाद हमने उनकी घर वापसी कराई थी, आज वो भी नर्मदा मैया का जल कांवड़ में ले करके हमारी इस यात्रा में अपने संकल्प के साथ भगवान भोरमदेव को जल अर्पित करेंगे और सनातन के प्रति जो उनकी आस्था है, श्रद्धा है, उसे प्रकट करेंगे। ऐसा करते हुए वे निश्चित ही जो धर्म से विमुख बाकी लोग हैं, उनके सामने एक बड़ा उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।’
कांवड़ यात्रा में छात्राओं और महिलाओं के साथ होने की जानकारी देते हुए भाजपा विधायक ने कहा, ‘बहुत अच्छी संख्या में महिलाएं भी हमारे साथ हैं, जिनमें स्कूल-कॉलेज की बच्चियों के साथ ही वो गृहणियां जो घर से बहुत कम निकलती थीं, लेकिन वो भी कांवड़ लेकर के कंधे पर जल लेकर निकली हैं और निश्चित रूप से भगवान भोलेनाथ और मां नर्मदा का आशीर्वाद हम सबके साथ है।’
इससे पहले मंगलवार को अपनी यात्रा के दूसरे दिन उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी कांवड़ यात्रा के कुछ फोटोज शेयर किए और उसके साथ लिखा, ‘कांवड़ यात्रा दूसरा दिन : मां नर्मदा मंदिर, अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर। छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं सर्वमंगल की कामना संग आज यात्रा के दूसरे दिन ग्राम लमनी से महामाई (खुड़िया) तक की यात्रा के लिए कांवड़ियों के साथ नई ऊर्जा, अपार उत्साह और ‘बोल बम’ के गगनभेदी जयघोष के साथ प्रस्थान किया।’
आगे उन्होंने बताया, ‘यह कांवड़ यात्रा आस्था, संकल्प, साधना और जनकल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ने का एक आध्यात्मिक प्रयास है। हर कदम हमें महादेव के और करीब ले जा रहा है और मन में प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के संकल्प को और मजबूत कर रहा है। विश्वास है कि माँ नर्मदा की कृपा और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद इस यात्रा के प्रत्येक चरण को मंगलमय बनाएगा और भोरमदेव धाम तक हमारा यह संकल्प निर्विघ्न पूर्ण होगा।’
वहीं सोमवार को यात्रा के पहले दिन उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘आज प्रथम दिन मां नर्मदा के पावन उद्गम स्थल अमरकंटक से भोरमदेव तक शुरू हुई 151 किमी कांवड़ पदयात्रा आज ग्राम लमनी में पूर्ण हुई। छत्तीसगढ़ की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के संकल्प के साथ कल पुनः नए उत्साह, ऊर्जा और उमंग के साथ सभी कांवड़ यात्रियों के संग आगे की यात्रा प्रारंभ होगी। हर हर महादेव।’


