भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की फिल्म वांटेड के निर्माता जसवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें मुंबई से गिरफ्तार कर वाराणसी लाया गया। उन पर वाराणसी के ही एक व्यक्ति ने इस फिल्म के नाम पर पैसा लेने और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
भोजपुरी के सुपर स्टार पवन सिंह अभिनीत फिल्म वांटेड के निर्माता जसवंत कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वाराणसी की सारनाथ पुलिस ने मुंबई से उनकी गिरफ्तारी की है। आरोप है कि इस फिल्म को बनाने के लिए वाराणसी के चौबेपुर निवासी सुरेंद्र यादव से उन्होंने 78 लाख 20 हजार रुपये लिये और फिल्म से होने वाले फायदे के साथ वापस करना था लेकिन नहीं किया। अप्रैल 2022 में सारनाथ थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। अब चार साल बाद पुलिस एक्टिव हुई और गिरफ्तारी की है। यह फिल्म 2018 में रिलीज हुई थी।
सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी के अनुसार रुस्तमपुर (चौबेपुर) निवासी सुरेंद्र यादव ने केस दर्ज कराते हुए बताया था कि उनके भाई वीरेंद्र यादव की फर्म मेसर्स शिवा फिल्म ऐंड टीवी हाउस से फिल्म बनाने के नाम पर बस्ती जिले के इटबहार (गौर) निवासी निर्माता जसवंत कुमार की फर्म श्री जे सोहरता प्रोडक्शन हाउस के बीच 9 अक्तूबर 2017 को साझेदारी नोटरियल बना था।
सुरेंद्र और जसवंत के बीच तय हुआ था कि फिल्म में निवेश पर लाभ समेत धनराशि लौटा देगा। सुरेंद्र यादव और वीरेंद्र यादव ने फिल्म बनाने के लिए निवेश किया। जसवंत की फर्म की ओर से भोजपुरी फिल्म वांटेड बनाई गई, जो 2018 रिलीज भी हुई। इसके बाद जसवंत ने पैसे देने से इनकार कर दिया। वर्तमान में आरोपी मुंबई के कंपाउंड अंधेरी वीरादेसाई रोड (बृह) में रहता था। वीरेंद्र की फर्म का खाता पहड़िया (सारनाथ) स्थित आईसीआईसीआई बैंक में होने के कारण साल 2022 में शिकायत पर सारनाथ पुलिस ने केस दर्ज करने से इनकार कर दिया। इसके बाद तत्कालीन एसीपी के आदेश पर केस दर्ज किया गया था, जिसमें अब कार्रवाई हुई।
ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस ले आई
वाराणसी से मुंबई गई पुलिस ने निर्माता जसवंत को वहां से गिरफ्तार किया। इसके बाद कोर्ट में पेश करके उनका ट्रांजिट रिमांड लिया गया। ट्रांजिट रिमांड पर निर्माता को लेकर पुलिस वाराणसी लौटी। इसके बाद जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी, उप निरीक्षक अवनीश मिश्रा, हेड कांस्टेबल शिवशंकर राय और अरविंद यादव शामिल थे।
जांच के नाम पर बचता रहा, ऐसे बिछाया जाल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जसवंत जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। वह लगातार कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहे थे। इसी जांच के नाम पर बचते रहे। उनकी गैरमौजूदगी और जांच के नाम पर भागने पर ही अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हुई। मुंबई में गिरफ्तार के लिए जाल बिछाया गया।
वाराणसी से एक टीम मुंबई पहुंची। सूचना मिली कि जसवंत अंधेरी पश्चिम के वीरा देसाई रोड इलाके में है। इसके बाद टीम ने निगरानी बढ़ाई और जसवंत कुमार को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अंधेरी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस वाराणसी ले आई।
फिल्म में कई कलाकार
पवन सिंह की एक्शन और रोमांस से भरपूर भोजपुरी फिल्म ‘वांटेड’ में कई प्रमुख कलाकार थे। इसमें निधि झा, उमेश सिंह, अय्याज खान, जसविंदर सिंह जस्सी, राजू सिंह, माही, विजय त्रिपाठी आदि कलाकार ने अभिनय किया था।


