Datia Election Result Live : मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित हो जाएंगे। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी, इसके लिए मतगणना केंद्र के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने बताया कि सुबह 8 बजे सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी और इसके बाद सुबह 8:30 बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के मतों की गिनती शुरू की जाएगी। दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए हुए मतदान में 71.44 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था। कांग्रेस ने इस बार उपचुनाव में घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जहां उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आशुतोष तिवारी, आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव और 19 अन्य उम्मीदवारों से है।
बता दें कि, कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली की एक अदालत द्वारा धोखाधड़ी के एक केस में 3 साल की सजा सुनाए जाने के चलते उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण ही दतिया सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी थी। भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,700 से अधिक मतों से हराया था। भाजपा ने इस बार पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया, जिन्हें 2023 के विधानसभा चुनाव में भारती के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

