भाजपा 10 से 15 अगस्त के बीच प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा‘ अभियान चलाएगी। नौ अगस्त को राजधानी लखनऊ में प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सरकार और संगठन के तमाम चेहरे शामिल होंगे।
UP BJP: भाजपा विरोधियों के शक्ति प्रदर्शन का जवाब देगी। इसके लिए भाजपा ने पूरा प्लान तैयार कर लिया है। भाजपा 10 से 15 अगस्त के बीच प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा‘ अभियान चलाएगी। नौ अगस्त को राजधानी लखनऊ में प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सरकार और संगठन के तमाम चेहरे शामिल होंगे। जेन-जी के आंदोलन और विपक्ष के हमलों के बीच पार्टी ने इस अभियान के जरिए राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने और विरोधियों के शक्ति प्रदर्शन का जवाब देने का फैसला किया है। पार्टी की योजना अभियान से अधिकाधिक युवाओं को जोड़ने की है।
‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा‘ अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला शनिवार को लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया सभागार में हुई। कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एके एंटनी, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में अभियान की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। कार्यशाला में कॉकरोच पार्टी के आंदोलन का जिक्र किए बिना अभियान में युवाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
ये सिर्फ भाजपा का कार्यक्रम न दिखे: एंटनी
राष्ट्रीय मंत्री एके एंटनी ने कहा इस वर्ष हमारा लक्ष्य केवल पिछले वर्षों की उपलब्धियों को दोहराना नहीं, बल्कि उनसे आगे बढ़ना है। हमें अधिक घरों तक पहुंचना है। अधिक लोगों को जोड़ना है। युवाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी बढ़ानी है। इसके लिए स्कूलों व कॉलेजों के साथ ही स्वयंसेवी संस्थाओं, सांस्कृतिक संगठनों को जोड़ना है। यह अभियान केवल भाजपा का कार्यक्रम बनकर नहीं रहना चाहिए। यह पूरे समाज का अभियान बने।
युवा जुड़े तो वैश्विक होगी तिरंगा यात्रा की पहुंच: पंकज
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यूपी के लिए तो तिरंगा अद्भुत सम्मान का प्रतीक है, क्योंकि प्रथम स्वाधीनता संग्राम से लेकर आजादी की अंतिम लड़ाई तक यहां के वीरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। हर घर तिरंगा अभियान से प्रदेशवासी को जोड़ने के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों से मिलकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना है, उनका सम्मान करना। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि बूथ अध्यक्ष के मार्गदर्शन में हर कार्यकर्ता कम से कम 50 घरों को इससे जोड़े। इस अभियान से युवाओं को जोड़ने का पूरा प्रयास करना है। युवा वर्ग के लोग हमारे साथ जुड़ेंगे तो इससे न केवल जमीन पर, बल्कि सोशल मीडिया पर भी हमारी यह तिरंगा यात्रा विश्व के उन लोगों तक पहुंचने में सफल होगी, जो देश से बाहर हैं और यहां नहीं आ सकते।
प्रभावी यात्राओं से दें नकारात्मक एजेंडे का जवाब: धर्मपाल
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान आज राष्ट्रभक्ति का विराट जनांदोलन बन चुका है। विपक्षी दलों के पास कोई सकारात्मक मुद्दा या एजेंडा नहीं है। मंडलों और जिलों में निकलने वाली तिरंगा यात्राएं प्रभावी हों, ताकि विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे और शक्ति प्रदर्शन का जवाब दिया जा सके। उन्होंने कहा कि 11 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान तथा 10 से 14 अगस्त तक भव्य ‘तिरंगा यात्रा‘ का आयोजन किया जाएगा। चार व पांच अगस्त को जिला तथा 6 अगस्त को मंडल योजना बैठकें होंगी।
वार्ड स्तर पर एक से दो किलोमीटर लंबी निकलेगी तिरंगा यात्रा
10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल तथा महानगरों के वार्ड स्तर पर 1 से 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं निकलेंगी। इसमें युवा मोर्चा की अग्रणी भूमिका रहेगी। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलेगा। 13 को सभी जिला मुख्यालयों पर भव्य तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएं। 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान, व्यापारिक संस्थान एवं कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण व 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस‘ पर सभी जिलों में बैनर एवं प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस निकाले जाएं। संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष व अभियान संयोजक बृज बहादुर ने किया। प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह व अर्चना मिश्रा, प्रदेश मंत्री अनिल यादव एवं रजनी पांडे को अभियान का सह-संयोजक बनाया गया है।



