महिला का आरोप है कि महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने खीर में नशीली चीज मिलाकर खिलाने के बाद उसके साथ रेप और मारपीट की। इसके बाद वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित दादू आश्रम के श्री पंचायती निर्मोही पानी अखाड़े से जुड़े महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना साल 2025 गुरु पूर्णिमा की बताई जा रही है। मामला 2 दिन पहले सामने आया है। जानकारी के अनुसार महिला ने महाराज पर खीर में नशीली चीज मिलाकर खिलाने के बाद दुष्कर्म, मारपीट, जान से मारने की धमकी और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाते हुए गृहमंत्री, डीजीपी, आईजी और एसपी को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने महिला के सभी आरोपों को खारिज कर कहा कि उन्हें बदनाम करने और झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि महिला एक साल से उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी और हनीट्रैप में फंसाने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से वॉट्सऐप चेट बातचीत के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया में वायरल हुए हैं। महाकाल पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद एफआईआर दर्ज की है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल चैट की पुष्टि नहीं करते हैं।
क्या है महिला का आरोप?
उज्जैन के सदावल रोड स्थित दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज पर एक महिला ने आरोप लगाया है कि डेढ़ साल पहले फेसबुक के जरिए दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बातचीत के अलावा संपर्क बढ़ता गया, साल 2025 की गुरु पूर्णिमा पर महामंडलेश्वर ने उसे सदावल स्थित आश्रम बुलाया और धार्मिक गतिविधियों और सेवा कार्यों से जुड़ने के नाम पर उसे आश्रम में कुछ दिन रुकने के लिए कहा।
इस दौरान वह अपने कथित भाई के साथ दादू आश्रम पहुंची थी। महिला का आरोप है कि एक रात प्रसाद के रूप में उसे खीर दी गई। खीर खाने के बाद वह अपने कमरे में सो गई। अगले दिन जब उसकी आंख खुली तो उसे अपने साथ अनहोनी होने का एहसास हुआ। आश्रम में रहने वाली जिस महिला ने रेप और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए थे, अब उसके और बाबा के बीच कथित वॉट्सएप चैट, लाठी से पिटाई का वीडियो और मैरिज सर्टिफिकेट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रही हैं। इस संबंध में पीडि़ता से संपर्क का प्रयास किया गया तो उनके किसी परिजन ने फोन रिसीव किया। उनका कहना था कि पीडि़ता की तबीयत खराब है ओर बातचीत करने की स्थिति में नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार उज्जैन के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज 2021में चर्चाओं में आए थे जब उन्हीं ने कई बार शिप्रा नदी के दूषित होने के मुद्दे को लेकर अनशन और विरोध-प्रदर्शन कर चप्पल छोड़ने का संकल्प लिया था। महाराज के उज्जैन में दो अलग-अलग आश्रम हैं। पहला आश्रम सदावल रोड स्थित दादू आश्रम है, जबकि दूसरा आश्रम पिपली नाका पर स्थित है। कि ज्ञानदास महाराज पर पहले भी कई बार हमले हुए है जिसमे उनकी कार फोड़ने ओर उनके साथ मारपीट के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से भी की हुई है।
चेट में प्रेग्नेंट होने की बात
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही व्हाट्सऐप चैट में महिला के प्रेग्नेंट होने की बात भी कही गई है। महिला ने लिखा- डॉक्टर ने 10 दिन बाद दिखाने को कहा था। मैं प्रेग्नेंट हूं, आप मुझे डॉक्टर के पास कब लेकर चलेंगे? आपने जो किया, उसका पाप मैं पाल रही हूं। इसके जवाब में बाबा ज्ञानदास ने लिखा यह तो खुशखबर है। प्रेग्नेंट होने की बात 1001% झूठी है, लेकिन 1% सही है तो महाकाल का धन्यवाद दे कि बुढ़ापे के सहारे की चिंता खत्म हो गई। डॉक्टर के पास जाने की जरूरत नहीं है।
महामंडलेश्वर का आरोप
ज्ञानदास महाराज ने बताया कि महिला ने उन्हें बताया था कि मेरे पास बहुत जमीन है। उत्तराखंड यात्रा पर चलो, खर्च मैं वहन करूंगी। यात्रा से आने पर महाराज से कहा जमीन की फसल नहीं आई है। आने पर रुपए लौटा दूंगी। बाद में फिर उधार रुपए मांगे। मनीष राठौर और महिला ने भोजन पर अपने घर बुलाया। भोजन के बाद सुध-बुध खो जाने पर महाराज के साथ अश्लील फोटो बना लिए फिर फोटो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगे।
ज्ञानदास बताते हैं कि उन्होंने 5 मई 2026 को ब्राह्मण और पांच लोगों के सामने शादी की रस्म मंदिर में पूरी की। मैंने होश हवास में कभी उक्त महिला के साथ संबंध नहीं बनाए। कुछ दिनों बाद महिला ने कहा कि मैं आपकी पत्नी हूं। मुझे मेरा हिस्सा दो, 25 लाख रुपए देकर मामला खत्म कर लो। रुपए देने से मना करने पर धमकाने के लिए भेड़ाघाट भी ले गए और कहा, रुपए नहीं दिए तो राजा रघुवंशी बना देंगे। महाराज ने बताया कि 7 जुलाई को मेरी तबीयत खराब थी। इलाज चल रहा था। वहां महिला ने कहा कि मकान की रजिस्ट्री कर दो। गाड़ी में जबरदस्ती बैठ गई। उसके प्रेमी ने मारपीट की और बोला पैसे नहीं दिए तो राजा रघुवंशी बना देंगे और प्रेगनेंसी की रिपोर्ट दिखाकर डराने लगे।
मैरिज सर्टिफिकेट के साथ ज्ञानदास के कुछ चैट और वीडियो भी वायरल हो रहे। एक वीडियो में बुजुर्ग महिला और युवती ज्ञानदास को लकड़ी से पीटते नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि पिटाई का यह वीडियो चार महीने पुराना है, जो एक अन्य लड़की के विवाद के बाद महिला ज्ञानदास से विवाद करने पहुंची थी। ज्ञानदास के एक अन्य महिला के साथ के फोटो वायरल हुए, जिसमे ज्ञानदास महिला की मांग भरते हुए दिखाई दे रहे हैं। उसी महिला के साथ का मैरिज सर्टिफिकेट भी वायरल हुआ, जिसमें ज्ञानदास का नाम, फोटो और महिला का नाम, फोटो लगा हुआ है। मैरिज सर्टिफिकेट में शादी की तारीख 11 अक्टूबर 2021 है। मैरिज सर्टिफिकेट 20अक्टूबर 2021 को उज्जैन के पंचायत से जारी किया गया है। शादी के समय ज्ञानदास की उम्र 42 तो महिला की उम्र 27 साल थी।
ज्ञानदास ने कहा- बदनाम करने की साजिश
ज्ञानदास ने इस मामले को बदनाम करने की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि जिस महिला ने मैरिज सर्टिफिकेट बनवाया था, उसे लेकर हमने कोर्ट में शिकायत की थी। कोर्ट ने भी सर्टिफिकेट को झूठा बताया था। पिटाई को लेकर वायरल हुए वीडियो के बारे में ज्ञानदास ने कहा कि जो बुजुर्ग महिला डंडा लेकर विवाद करने आई थी। वो रेप का आरोप लगाने वाले महिला की ही बुलाई हुई थी। ये वीडियो भी उसी महिला ने बनाकर वायरल किया है।
महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने महिला के सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें बदनाम करने और झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि महिला एक साल से उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। हनीट्रैप में फंसाने का प्रयास कर रही थी। उनके मुताबिक, ब्लैकमेलिंग से जुड़े ऑडियो, वीडियो और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल का कहना है कि दो दिन पहले महामंडलेश्वर ज्ञानदास के आश्रम में रहने वाली एक महिला ने उनके खिलाफ महाकाल थाने में शिकायत की है। उसने बाबा के खिलाफ रेप, मारपीट, जान से मारने की धमकी और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने जैसे आरोप लगाए थे। महिला ने गृहमंत्री, डीजीपी, आईजी और एसपी को भेजे आवेदन भेजा है। दोनों पक्षों के आवेदन उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पड़ताल के बाद महाराज पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
रिपोर्ट – विजेन्द्र यादव


