ममता की मूर्ति कहलाने वाली मां इतनी निर्दयी बन गई कि 5 दिन की अपनी दुधमुंही बच्ची को पानी में डुबोकर मार डाली। उसकी एक बेटी पहले से थी और वह बेटा चाहती थी। उसने बच्ची की भरण-पोषण की जिम्मेदारी और मानसिक दबाव को भी वजह बताया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
मां अपने बच्चे को खतरा से बचाने के लिए किसी भी हद तक चली जाती है। क्या वही मां अपने बच्चे की कातिल बन सकती है? यकीन तो नहीं होता, लेकिन मध्य प्रदेश में एक मां का कातिल रूप सामने आया है। सीधी जिले में एक मां ने अपनी 5 दिन की बेटी को तड़पा-तड़पाकर मार डाला। मां ने बच्ची को नीले ड्रम में भरे पानी में डुबो दिया। पानी में ज्यादा देर तक डूबने से बच्ची का दम घुट गया। दुधमुंही बच्ची के शव की जांच में उसकी अपनी मां ही कातिल निकली। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे बेटे की चाहत थी। उसने बच्ची की भरण-पोषण की जिम्मेदारी और मानसिक दबाव को भी वजह बताया है।
सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र के भेलकी गांव में 5 दिन की बच्ची का शव पानी से भरे नीले ड्रम में मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, विवेचना और पूछताछ के दौरान बच्ची की मां से जानकारी ली गई, जिसमें महिला ने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस को गुमराह करने के लिए मां बच्ची को गोद में लिए बैठी रही। पुलिस का कहना है कि महिला की पहले से एक बेटी है। दूसरी बच्ची के भरण-पोषण की जिम्मेदारी को लेकर वह दबाव में थी। इसी वजह से उसने बच्ची की जान लेने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, प्रसव के बाद नवजात की मां सोनू पटेल मानसिक रूप से परेशान थी। बच्ची के पालन-पोषण की जिम्मेदारी को लेकर चिंता के चलते उसने 30 जुलाई को घर के बाथरूम में रखे पानी से भरे ड्रम में बेटी को डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मां ने पुलिस को बताया कि उसकी पहले से एक बेटी है और दूसरी बेटी होने से वह नाराज थी। उसे बेटा चाहिए था। उसे चिंता थी कि मेरी बेटी का भरण-पोषण कैसे होगा। बेटी के होने के बाद बहुत खर्च होते हैं, इसीलिए उसने यह कदम उठाया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी की माने तो सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का निरीक्षण और विवेचना के बाद मां से पूछताछ की गई। उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।


