धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र की सदरियाडीह बस्ती में गुरुवार की सुबह सहदेव महतो के नवनिर्मित सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने उतरे दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंधारी बस्ती निवासी 48 वर्षीय दिलीप महतो और सदरियाडीह निवासी 33 वर्षीय राजेश महतो के रूप में हुई है।
धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र की सदरियाडीह बस्ती में गुरुवार की सुबह सहदेव महतो के नवनिर्मित सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने उतरे दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंधारी बस्ती निवासी 48 वर्षीय दिलीप महतो और सदरियाडीह निवासी 33 वर्षीय राजेश महतो के रूप में हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस भर जाने से दोनों की मौत हुई। करीब 10 फीट गहरे इस टैंक के आसपास जमीन के नीचे आग होने और गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है।
अंदर पहुंचते ही बेहोश होकर गिर पड़े
जानकारी के अनुसार करीब एक माह पूर्व बने सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने दिलीप महतो पहले टैंक में उतरे, लेकिन अंदर पहुंचते ही बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए राजेश महतो भी टैंक में उतरे, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गए। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। इसी दौरान राजेश के भाई किशन महतो भी अपनी जान जोखिम में डालकर टैंक में कूद गए। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। इस दौरान किशन की भी तबीयत बिगड़ गई, हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई।
दोनों मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघमारा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अजीत कुमार और बाघमारा सीओ गिरिजानंद किस्कू अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
गढ़वा में दो बाइक में भिड़ंत तीन युवकों की गई जान
भवनाथपुर में गुरुवार शाम दो बाइक की सीधी टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा प्रखंड मुख्यालय स्थित शिवपूजन पेट्रोल पंप के सामने हुआ। मृतकों में सिंधिताली निवासी कल्पनाथ चौबे के पुत्र आर्यन चौबे, मकरी निवासी छतरी सिंह के पुत्र प्रभात सिंह उर्फ पप्पू सिंह और छतरी सिंह के साले टंडवा निवासी इंद्रदेव सिंह के पुत्र रोहित सिंह शामिल हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस की अब तक छानबीन के अनुसार, आर्यन चौबे एचपी पेट्रोल पंप के ही समीप फिलिप कार्ड में जॉब करता था। वह ड्यूटी के बाद ऑफिस से सिंघीताली स्थित अपने आवास बाइक से जा रहा था। वहीं एक ही बाइक पर सवार प्रभात सिंह और रोहित सिंह (रिश्ते में दोनों भाई) भवनाथपुर से धंगरडीहा स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप दोनों बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। जोरदार आवाज के बाद तीनों दूर जा गिरे और बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।



