झारखंड के गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतकों की पहचान आर्यन चौबे, प्रभात सिंह और रोहित सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
झारखंड के गढ़वा जिले में गुरुवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। भवनाथपुर थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे भवनाथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतकों की पहचान आर्यन चौबे, प्रभात सिंह और रोहित सिंह के रूप में हुई है।
भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन ने बताया कि आर्यन चौबे पेट्रोल पंप के पास स्थित एक प्रतिष्ठान में काम करता था। वह ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। दूसरी ओर, प्रभात सिंह और रोहित सिंह एक ही बाइक पर सवार होकर भवनाथपुर से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
झारखंड में धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र स्थित सदरयाडीह में गुरुवार को सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया।
करीब 10 फीट गहरे सेफ्टी टैंक में उतरे दो मजदूर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने से बंद पड़े नए सेफ्टी टैंक को गुरुवार को सफाई के लिए खोला गया था। सदरयाडीह निवासी दिलीप महतो और महुदा थाना क्षेत्र के अंधारी निवासी राजेश महतो टैंक के भीतर सफाई के लिए उतरे थे। कुछ ही देर में दोनों जहरीली गैस की चपेट में आने से बेहोश हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा थाना पुलिस और अंचल अधिकारी गिरजानंद किस्कू अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में दम घुटने और जहरीली गैस के कारण मौत की आशंका जताई गई है।


