राजा रघुवंशी और सोनम पिछले साल 23 मई को शादी के कुछ दिन बाद मेघालय में हनीमून के दौरान लापता हो गए थे। बाद में दो जून 2025 को राजा का शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ था। पुलिस जांच में पता चला कि सोनम ने भाड़े के हमलावरों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची थी।
सुप्रीम कोर्ट ने मेघालय में हनीमून मनाने के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या करने वाली इंदौर की महिला सोनम रघुवंशी की जमानत को रद्द कर दिया है। निचली अदालत के फैसले के खिलाफ मेघालय सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में अपील की थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। अदालत ने आरोपी सोनम रघुवंशी को सरेंडर करने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया है। उधर इस फैसले को लेकर इंदौर में राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने बेहद खुशी जताई है। उनका कहना है कि अब जाकर उनके परिवार को न्याय की उम्मीद बंधी है। मृतक राजा की मां ने कहा कि सोनम जैसी हत्यारिन को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
फैसले को लेकर पीटीआई से बात करते हुए उमा रघुवंशी ने कहा, ‘मैं सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करना चाहती हूं। इसमें समय तो लगा लेकिन आज जाकर उसकी जमानत खारिज हो गई है। मुझे अंदर से बहुत अच्छा लग रहा है, क्योंकि सोनम जैसी लड़की बाहर होना ही नहीं चाहिए था। उस जैसी लड़की बाहर घूम रही थी तो हम लोगों को खतरा जैसा लग रहा था। उसने इतनी बेरहमी से मेरे बेटे की हत्या कराई थी।’
‘सोनम जैसी हत्यारिन बाहर घूमेगी तो…’
राजा की मां ने आगे कहा, ‘आज जाकर हमें राहत मिली है और अब जाकर हमें न्याय उम्मीद जगी है। सजा को लेकर मैं कहना चाहती हूं कि सोनम को या उम्रकैद या फांसी की सजा मिलनी चाहिए। सोनम जैसी हत्यारिन बाहर घूमेगी तो खतरा तो रहेगा ही। ऐसी लड़की को तो बाहर रहने का हक भी नहीं था, और वह तीन महीने तक खुली हवा में कैसे घूम सकती है।’
‘मेरे मासूम बेटे को कितनी बेरहमी से मारा था’
आगे उन्होंने कहा, ‘मुझे सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा था कि मेरे बेटे को और हमें आज नहीं तो कल न्याय जरूर मिलेगा। मेरे बेटे को जिसका कोई कसूर नहीं था, उसको इतनी बेरहमी से मारा, इतना मासूम था मेरा बच्चा, मैं ही जानती हूं कैसे मैंने 28 साल तक मेरे बेटे को बड़ा किया था।’
‘परिवार चाहता है सोनम जेल में सड़े’
बेटे की हत्या के बाद से आरोपी सोनम के परिवार द्वारा किसी तरह का सम्पर्क किए जाने को लेकर उमा ने कहा, ‘सोनम के घर से कोई फोन नहीं आया, ना उसके भाई ने करा, ना उसके मां-बाप ने, किसी ने हमारा हाल-चाल तक नहीं लिया, और ना ही हमारी कोई खबर ली। मेरे बेटे को गए 14-15 महीने हो गए, तब से ही हमारा परिवार न्याय मिलने का इंतजार कर रहा था और अब जाकर उम्मीद जागी है न्याय मिलने की। हमारा परिवार चाहता है कि सोनम जेल के अंदर सड़े।’
SC ने बताया दोबारा कब जमानत अर्जी लगा सकती है सोनम
उधर गुरुवार को जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस पी.बी. वराले की पीठ ने सोनम की जमानत रद्द करते हुए पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया है। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि यदि मुकदमे की सुनवाई आगे नहीं बढ़ती और छह महीने के भीतर पूरी नहीं होती है तो सोनम नई जमानत याचिका दायर कर सकती है।
सोनम ने प्रेमी संग मिल करवाई थी पति राजा रघुवंशी की हत्या
मध्य प्रदेश के इंदौर की निवासी सोनम को उसके कारोबारी पति राजा रघुवंशी की हत्या के सिलसिले में पिछले वर्ष जून में गिरफ्तार किया गया था। यह दंपति पिछले साल 23 मई को शादी के करीब 15 दिन बाद मेघालय के सोहरा क्षेत्र में हनीमून मनाने के दौरान लापता हो गया था। बाद में दो जून 2025 को राजा का शव एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। पुलिस ने आरोप लगाया है कि सोनम ने भाड़े के हमलावरों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची थी।



