मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश के लिए एक टोटके के तहत भोपाल में गधों को गुलाब जामुन खिलाए गए। इसी बीच मौसम विभाग ने एमपी के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में मॉनसून के पहले दौर के खत्म होने के बाद लोगों को अच्छी बारिश का इंतजार है। शनिवार को झमाझम बारिश की कामना को लेकर भोपाल में एक खास टोटके के तहत गधों को गुलाब जामुन खिलाया गया। इस बीच मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में एकबार फिर झमाझम बारिश का दौर देखे जाने का पूर्वानुमान जताया है। इसको लेकर कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी।
बारिश के लिए अनोखा टोटका
बताया जाता है कि अनोखा टोटका शनिवार को कोलार रोड क्षेत्र में किया गया जिसमें अच्छी बारिश की कामना की गई। इंद्र देवता को प्रसन्न करने के लिए टोटके के तहत गधों को गुलाब जामुन खिलाए गए। इस बीच मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि एमपी में एकबार फिर बारिश का नया दौर देखे जाने संभावना है।
इन जिलों में झमाझम बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौर, बड़वानी, अलिराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया और भिंड जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी जिनकी स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।
इन जिलों में भी झमाझम बारिश के आसार
मौसम विभाग की ओर से सोमवार को ही मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्ना जिलों में भी सोमवार को मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने इन जिलों के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
एमपी में 23 जुलाई तक बारिश वाला मौसम
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 23 जुलाई तक बारिश वाला दौर जारी रहने की संभावना जताई है। बीते 24 घंटों के दौरान, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल डिवीजन में अलग-अलग जगहों पर बारिश दर्ज की गई।
राजौरी में भारी बारिश से उफान पर नदियां
इस बीच जम्मू-कश्मीर के राजौरी में शनिवार शाम से जारी मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ का पानी निचले इलाकों में भर गया। भारी बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। अधिकांश नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं। दरहाली नदी ने बेला कॉलोनी के पास बांध को तोड़ दिया जिससे बाढ़ का पानी नए बस अड्डे में घुस गया और कई वाहन डूब गए।
नगालैंड में भी भारी बारिश
वहीं नगालैंड के मोन जिले में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई मकान और सड़कें बह गईं। कई लोग मलबे में दब गए। बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया। पहाड़ी ढलानों पर हुए भूस्खलन से कई सड़कें बंद हो गई हैं। प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। राहत और बचाव कार्य जारी हैं।



