ग्वालियर जिले के डबरा-भितरवार क्षेत्र में जमीन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। डेढ़ बीघा जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच बदमाशों ने दिनदहाड़े अधिवक्ता रतन सिंह यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल वकील की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
ग्वालियर जिले के डबरा-भितरवार क्षेत्र में जमीन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। डेढ़ बीघा जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच बदमाशों ने दिनदहाड़े अधिवक्ता रतन सिंह यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल वकील की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, रतन सिंह यादव का भितरवार के हरसी रोड स्थित करीब डेढ़ बीघा जमीन को लेकर अपने रिश्तेदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा है। मंगलवार दोपहर वे विवादित जमीन पर पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि चचेरे भाई व अन्य रिश्तेदारों ने उन पर गोलियां चला दीं।हमले में रतन सिंह यादव को गर्दन, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों में गोलियां लगीं। उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने हत्या का आरोप चचेरे भाई राकेश यादव, भतीजे राहुल यादव और गब्बर सिंह रावत पर लगाया है। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही भितरवार एसडीओपी गगन हनवत और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
वहीं, इस घटना से भितरवार अभिभाषक संघ में भारी आक्रोश है। बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है। आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
रिपोर्ट- अमित कुमार



