
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध ढंग से करें पौधारोपण।
एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के दिए निर्देश।
सोनभद्र। जनपद में आयोजित होने वाले पौधारोपण महाभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागवार पौधारोपण लक्ष्य, तैयारियों, जनभागीदारी तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने निर्देश दिए कि सभी विभाग शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण सुनिश्चित करें। प्रत्येक पौधारोपण स्थल की जियो टैग फोटोग्राफी निर्धारित समय पर उपलब्ध कराई जाए तथा अभियान के प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा, संरक्षण एवं नियमित देखभाल की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे पौधों के जीवित रहने की दर अधिकतम हो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप वृहद स्तर पर पौधारोपण करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। अभियान में जनप्रतिनिधियों स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर इसे सफल बनाया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण करेंगे तथा जियो टैग फोटोग्राफ सहित सभी आवश्यक सूचनाएं समय से उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।