
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र (चोपन)। ऑल इंडिया गार्ड्स काउंसिल (AIGC) के पूर्व मध्य रेलवे धनबाद मंडल का 22वां द्विवार्षिक महाधिवेशन रविवार को चोपन स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित किया गया। सम्मेलन में चोपन, सिंगरौली, रेणुकूट और शक्तिनगर शाखाओं के ट्रेन मैनेजर (गार्ड) एवं संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए महाधिवेशन में रेल कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कुल 13 प्रमुख मांगों को सरकार एवं रेलवे प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया गया। वक्ताओं ने नई पेंशन योजना (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग को सबसे प्रमुख मुद्दा बताया। इसके साथ ही रेलवे के निजीकरण पर रोक लगाने, ड्रेस अलाउंस में बढ़ोतरी, सभी रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, नौ घंटे से अधिक ड्यूटी समाप्त करने, रनिंग अलाउंस में 25 प्रतिशत वृद्धि, समय पर विश्राम एवं साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित करने, ट्रेन मैनेजर का एंट्री लेवल पे-लेवल-6 करने, स्टेशन खंड में हैंड ब्रेक बांधने की अनिवार्यता समाप्त करने, मजदूर विरोधी बताए जा रहे लेबर कोड को वापस लेने, निर्धारित प्रिपरेटरी रेस्ट देने तथा ट्रेन मैनेजरों के लिए 30 प्रतिशत पद आरक्षित करने सहित अन्य मांगों पर प्रस्ताव पारित किए गए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए संगठन के नेताओं ने कहा कि रेल कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन की एकजुटता बनाए रखने और अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करने का आह्वान किया महाधिवेशन में संगठन की भावी रणनीति पर भी विस्तार से मंथन किया गया तथा विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जोनल प्रेसिडेंट ए. एन. लाल, ए. के. ठाकुर, जोनल ट्रेजरर रामाशीष कुमार, ए. के. पांडेय, केदार प्रसाद, आर. एल. यादव, विजय मिश्रा, संतोष कुमार, हीरालाल वर्मा, एस. एन. प्रसाद, प्रमोद कुमार, एल. पी. सिंह, जे. के. तिवारी, ए. के. सिन्हा, रंजीत कुमार सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं दर्जनों ट्रेन मैनेजर (गार्ड) इत्यादि उपस्थित रहे।