
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
डाला सोनभद्र। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के बाड़ी में बीती रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाड़ी निवासी मनोज चौबे पुत्र जगदीश चौबे के घर के पीछे लगे दरवाजे का ताला तोड़कर चोर घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने अलमारी में रखे करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना डाला पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान में एक हार सेट, चार पीस कंगन, सोने की चेन, मांगटीका, करधनी, पैंजनिया, बिछिया, पायल तथा चांदी की थाली, पान, सुपाड़ी और नारियल शामिल हैं। वही पुरे मामले को लेकर पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी की घटना के खुलासे के लिए साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। हालांकि, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और छिनैती की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डाला क्षेत्र में पूर्व में हुई बाइक चोरी और मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला के गले से चेन छीनने जैसी घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि आखिर क्षेत्र में सक्रिय चोरों को किसका संरक्षण प्राप्त है और पुलिस की स्थानीय पकड़ इतनी कमजोर क्यों दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की तलाश की जा रही है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने जल्द खुलासे और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
