
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
हरियाणा स्टोन क्रेशर प्लांट के पीछे कौवा नाला के समीप मिला क्षत-विक्षत मानव अवशेष, पहचान में जुटी पुलिस।
डाला (सोनभद्र)। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत डाला स्थित हरियाणा स्टोन क्रेशर प्लांट के पीछे कौवा नाला की झाड़ियों में मंगलवार को एक नर कंकाल के अवशेष मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही डाला पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कंकाल की शिनाख्त करने के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे क्षेत्र में गाय-भैंस चरा रहे एक चरवाहे की नजर डाला नगर पंचायत एवं बिल्ली- मारकुंडी ग्राम सभा की सीमा के मध्य स्थित कौवा नाला की झाड़ियों में पड़े क्षत-विक्षत मानव अवशेषों पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर उसे नर कंकाल दिखाई दिया, जिसके बाद उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
मानव कंकाल मिलने की खबर कुछ ही देर में पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना तत्काल डाला पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षत-विक्षत अवस्था में मिले नर कंकाल के अवशेषों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास भी पुलिस द्वारा गहन जांच-पड़ताल की गई ताकि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य सुराग जुटाए जा सकें।
प्राथमिक जांच में अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। कंकाल काफी समय पुराना प्रतीत होने के कारण पहचान करना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है तथा अन्य संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। डाला चौकी प्रभारी ने बताया कि बरामद मानव अवशेषों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है साथ ही कंकाल की शिनाख्त और मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है, वहीं स्थानीय लोगों में भी दहशत और कौतूहल का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।