
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
बीजपुर ( सोनभद्र ) स्थानीय थाना क्षेत्र के नकटू में बुधवार को पांच दिवसीय भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की कई मजबूत टीमें हिस्सा ले रही हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एनर्जीयों के प्रोजेक्ट हेड विद्याशंकर पाण्डेय ने विशिष्ट अतिथियों के साथ पिच का पूजन-अर्चन एवं फीता काटकर किया।

इससे पूर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष विकास सोनी, उपाध्यक्ष विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष लकी जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विद्याशंकर पाण्डेय ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि समाज को एक सकारात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं।
विशिष्ट अतिथि राम प्रवेश गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का माध्यम बनते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ परंपरा को बनाए रखने का आह्वान करते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दिया ।
उद्घाटन के बाद खेले गए पहले मुकाबले में बीसीसी और ब्लू स्टार टाइगर के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जिसमें ब्लू स्टार टाइगर ने मात्र 2 रन से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मैच में शांति नगर बॉयज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसजेके को 8 विकेट से हराकर एकतरफा जीत हासिल किया। कार्यक्रम का सफल संचालन धनंजय शर्मा ने किया । इस अवसर पर भाजपा नेता राम दयाल वैश्य, निशु जायसवाल, बृजेंद्र कुमार सिंह, अभिमन्यु जायसवाल, नीरज गुप्ता, संजय सिंह, उमेश पनिका सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
