Bhopal Water Crisis : भोपाल में कोलर पाइपलाइन की मरम्मत के चतलते दर्जनों इलाकों में आज से पानी की सप्लाई बाधित रहेगी। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए पानी की यह कटौती रोजमर्रा की जीवन का तनाव और बढ़ा सकती है।
भोपाल के दर्जनों इलाकों में लोगों को अब जल संकट का सामना करना पड़ सकता है, जो करीब 24 घंटे तक जारी रहने के आसार हैं। बता दें कि, सप्ताह की शुरुआत में ही तूफान के कारण हुई दिक्कत से जूझ रहे लोगों के लिए पानी की यह कटौती रोजमर्रा की जीवन का तनाव और बढ़ा सकती है।
भोपाल नगर निगम (BMC) ने बताया कि कोलार वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट की मेन ग्रेविटी पाइपलाइन को रिपेयरिंग के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे से बुधवार सुबह 10 बजे तक बंद रखा जाएगा। इसके चलते पानी की सप्लाई कटने से कई इलाकों में आपूर्ति बाधित रहने की उम्मीद है।
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बीएमसी के सिटी इंजीनियर उदित गर्ग ने कहा, “कोलार पाइपलाइन पर मरम्मत का काम सुबह 10 बजे शुरू होगा और आधी रात तक जारी रहने की उम्मीद है, जिससे लगभग एक दिन तक पानी की सप्लाई बाधित रहेगी।”
पानी की इस कटौती का असर भोपाल शहर के शाहजहानाबाद, निशातपुरा, हमीदिया रोड, मोती मस्जिद, शाहपुरा, त्रिलंगा, अरेरा कॉलोनी, तुलसी नगर, शिवाजी नगर, चार इमली, चूना भट्टी, कोलार बस्ती, नेहरू नगर, कोटरा सुल्तानाबाद, एमपी नगर और गुलमोहर कॉलोनी जैसे बड़े इलाकों पर पड़ेगा।
नगर निगम ने लोगों से की अपील
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे पहले से ही जरूरत के मुताबिक पर्याप्त मात्रा में पानी जमा कर लें और उसका इस्तेमाल सोच-समझकर करें। बीएमसी ने बताया लंबे समय तक सप्लाई को सुचारु बनाए रखने के लिए पाइपलाइन मरम्मत का काम बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि हालांकि इसके लिए यह समय ठीक नहीं है, लेकिन मरम्मत के काम में देरी नहीं की जा सकती।
पानी कटौती से प्रभावित रहने वाले इलाके
जोन नंबर 3: नारियल खेड़ा, रेजिमेंट रोड, शाहजहानाबाद, मुर्गी बाजार, रामनगर, रेशम केंद्र, पूर्व और पश्चिम निशातपुरा
जोन नंबर 4: चौकसे नगर, ग्रीन पार्क, इंदिरा सहायता नगर, डीआइजी बंगला, शांति नगर, सिंधी कॉलोनी, भोपाल टॉकीज, हमीदिया रोड, संगम टॉकीज
जोन नंबर 5: मोती मस्जिद, गिन्नौरी, इब्राहिमपुरा, बुधवारा, इतवारा, मंगलवारा, काली मंदिर, इस्लामपुरा, सेंट्रल लाइब्रेरी, छावनी
जोन नंबर 5-6 : 1100 क्वार्टर, शाहपुरा, त्रिलंगा, ई-7 अरेरा कॉलोनी, पंचशील नगर, श्याम नगर, 12 नंबर मल्टी
जोन नंबर 7: तुलसी नगर, माता मंदिर, चक्की चौराहा, शिवाजी नगर
जोन नंबर 8: चार इमली, शिवाजी नगर, चूना भट्टी, कोलार बस्ती, दुर्गा नगर, पंपापुर, राहुल नगर बस्ती और मल्टी, वैशाली नगर, सुरुचि नगर, निवेश नगर, नेहरू नगर, कोटरा सुल्तानाबाद, नया बसेरा, अम्बेडकर नगर, सरकारी क्वार्टर कोटरा सुल्तानाबाद
अतिरिक्त क्षेत्र: एमपी नगर जोन 02, शिवाजी नगर, अरेरा कॉलोनी (ई-1 से ई-7), ईश्वर नगर, गुलमोहर जी-3, गुलमोहर कॉलोनी, लक्ष्मण नगर, भारत नगर, साईबाबा बोर्ड, जनता क्वार्टर और आसपास के इलाके शामिल हैं।



