
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुसौली इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात में शामिल एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद बारात की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा हादसे में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुद्धी थाना क्षेत्र के झरोकला निवासी 65 वर्षीय करतार सिंह अग्रहरि एक बारात में शामिल होने के लिए आए हुए थे। बताया जा रहा है कि बारातियों के साथ वह सड़क किनारे चाय पीने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद बरातियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को भी कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।

