
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
चोपन सोनभद्र। अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए रविवार को बड़ी कार्रवाई की। खान विभाग और चोपन पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बिना परमिट संचालित हो रहे तीन डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खनन माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है बताया जा रहा है कि खान अधिकारी अतुल दुबे और थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ वाहन अवैध रूप से खनिजों का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और खान विभाग की टीम ने रणनीति बनाते हुए इलाके में घेराबंदी की। संयुक्त टीम ने सटीक लोकेशन पर पहुंचकर घेराबंदी की, जिससे डंपर चालकों को भागने का कोई मौका नहीं मिला। मौके पर ही तीनों वाहनों को रोककर जांच की गई। बिना दस्तावेज चल रहा था परिवहन
जांच के दौरान यह सामने आया कि पकड़े गए तीनों डंपर बिना वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के खनिजों का परिवहन कर रहे थे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से तीनों वाहनों को सीज कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन मालिकों पर खनन नियमों के तहत लाखों रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही, आगे की विधिक कार्रवाई भी की जा रही है कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा,”यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की नजर हर अवैध गतिविधि पर है। इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अवैध खनन के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।


