
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा म्योरपुर–लीलासी मार्ग पर स्थित सुपाचुंआ गांव के पास रविवार देर रात हुआ, जब युवक बारात में शामिल होने जा रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुनील कुमार निवासी बलियरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बाइक से बारात में जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और रातभर खाई में ही पड़ा रहा।
सोमवार सुबह जब राहगीरों की नजर खाई में पड़े युवक पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को खाई से बाहर निकलवाया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।