
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
चोपन। स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में नगरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली एवं अधिशाषी अधिकारी अखिलेश सिंह ने उपस्थित लोगों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में नागरिक अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। गौरव नगर निवासी सतेंद्र आर्य ने अपने वार्ड में व्याप्त विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। वहीं वार्ड संख्या 09 के सभासद नागेन्द्र यादव ने अपने वार्ड में सड़क निर्माण की समस्या को प्रमुखता से उठाया और आवश्यक कार्यवाही की अपेक्षा जताई। अध्यक्ष उस्मान अली ने कहा कि नगर पंचायत आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। आगे कहा कि जनसुनवाई जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ती है। साथ ही कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध ढंग से उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिशाषी अधिकारी अखिलेश सिंह ने भी आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान नगर पंचायत के लिपिक अंकित पांडेय, सभासद सुशील कुमार, विनीत जाटव, अनिल जायसवाल, विकास चौबे, रजनीकांत सिंह,मंसूर आलम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।