
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बिजली के टूटे तार की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि एक महिला पानी लेने के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान उसका छोटा बेटा पीछे-पीछे चला गया और वहां पड़े टूटे हुए बिजली के तार को पकड़ लिया, जिससे वह करंट की चपेट में आकर चिपक गया। बेटे को बचाने के लिए मां दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। इसके बाद दोनों को बचाने पहुंची बेटी भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गई। इस हादसे में 2 वर्षीय राम प्रवेश, 3 वर्षीय अर्चना और उनकी मां 30 वर्षीय सुल्तानी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह तीनों को करंट से अलग किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। मजबूरन परिजनों ने निजी वाहन की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली के जर्जर तार लटक रहे हैं, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। कोन थाना क्षेत्र की यह घटना बिजली विभाग की लापरवाही और जर्जर व्यवस्था की पोल खोलती है। यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे भविष्य में और भी बड़े नुकसान का कारण बन सकते हैं।