नई दिल्ली. आदित्य धर की ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रही है. रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म अपने तीसरे हफ्ते में भी पूरी रफ्तार से दौड़ते हुए भारत में 1000 करोड़ के जादुई आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है. रिलीज के बाद से ही फिल्म हर दिन डबल डिजिट में कमाई कर रही है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 17वें दिन (तीसरे शनिवार) फिल्म ने 25.65 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया. अब तक फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 985.02 करोड़ है. आज यानी रविवार को धुरंधर 2 फिल्म 1000 करोड़ क्लब में एंट्री मार देगी.
नितेश तिवारी की फिल्म रामायण चर्चा में बनी हुी है. लेकिन हाल ही में आए टीजर ने दर्शकों को थोड़ा निराश किया है. भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर की पहली झलक और फिल्म के वीएफएक्स को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. कई लोगों ने तो इसके विजुअल इफेक्ट्स की तुलना वीडियो गेम से कर दी है. इस विवाद के बीच फिल्म को ऋतिक रोशन का साथ मिला है.
ऋतिक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए ‘रामायण’ का बचाव किया है. उन्होंने स्वीकार किया कि खराब वीएफएक्स दर्दनाक होते हैं, खासकर तब जब वह खुद उस फिल्म का हिस्सा हों, लेकिन उन्होंने फिल्म की टीम और उनकी मेहनत पर भरोसा जताया है.
श्रीदेवी के निधन के बाद ‘जजमेंट’ का शिकार हुई थीं जाह्नवी कपूर, अब छलका दर्द
जाह्नवी कपूर ने अपनी मां श्रीदेवी के निधन के बाद के मुश्किल समय को याद करते हुए बताया कि वह अपनी मां पर पूरी तरह निर्भर थीं और उनके जाने के बाद उन्हें अकेले फैसले लेना सीखना पड़ा. नुकसान के साथ-साथ जाह्नवी को लोगों की कड़ी आलोचना का भी सामना करना पड़ा. लोग उनके मुस्कुराने या पब्लिक प्लेस पर उनके मुस्कुराने पर ‘दुख’ की गहराई पर सवाल उठाते थे. मीडिया की नजरों ने उन्हें निजी तौर पर शोक मनाने का मौका नहीं दिया. इस मुश्किल अनुभव ने उन्हें आत्मनिर्भर और मानसिक रूप से मजबूत बनाया है.
कुछ बड़ा करने वाले हैं दिलजीत दोसांझ और एआर रहमान, ‘मैं वापस आऊंगा’ के गाने के लिए मिलाया हाथ
नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ और संगीतकार एआर रहमान दोनों ही म्यूजिक इंडस्ट्री के बड़े नाम हैं और दोनों को ही चाहने वालों की कमी नहीं है. अब दिलजीत दोसांझ और एआर रहमान मिलकर बड़ा धमाका करने के लिए तैयार हैं और अपने फैंस के लिए कुछ बड़ा करने वाले हैं. दोनों अपकमिंग फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के लिए साथ आए हैं.
सनी देओल की अपकमिंग फिल्म ‘गबरू’ में लगेगा सतिंदर सरताज की आवाज का तड़का
सनी देओल की ‘लाहौर 1947’ और ‘गबरू’ नाम की फिल्में इसी साल रिलीज होने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसी बीच अभिनेता ने अपने फेवरेट सिंगर से मुलाकात की है, जिसके गाने वो साल 2021 से लगातार सुन रहे हैं. सनी देओल ने पंजाबी सिंगर सतिंदर सरताज से मुलाकात की है. दोनों को लंबी बातचीत करते हुए देखा जा रहा है. सतिंदर सरताज सनी देओल के फेवरेट सिंगर हैं, जिनके गाने वह साल 2021 से लगातार सुन रहे हैं. यही कारण है कि उन्होंने सिंगर को अपनी फिल्म के गानों के लिए अप्रोच किया था. वे सिंगर से बातचीत कर बहुत खुश हैं.
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता के पीछे इस शख्स का बड़ा हाथ, आदित्य धर ने किया खुलासा
नई दिल्ली: आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ वर्ल्डवाइड कलेक्शन में 1500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पूरा कर चुकी है और बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है. फिल्म की सक्सेस का श्रेय आदित्य धर और रणवीर सिंह को दिया जा रहा है, लेकिन फिल्म का असली धुरंधर कोई और है. फिल्म रिलीज के 2 हफ्ते बाद आदित्य धर ने फिल्म के असली धुरंधर से मिलवाया है, जिसने फिल्म के हर सीन को जीवंत बनाने में अपनी जान डाल दी. आदित्य धर ने विकास के साथ शूटिंग के कुछ पलों को साझा किया है और उनके काम की दिल खोलकर तारीफ की है. उन्होंने फिल्म की सफलता का बड़ा क्रेडिट विकास नौलखा को दिया. वे बोले, ‘उनकी आंखें सामान्य आंखें नहीं हैं, बल्कि वे पर्दे पर सीन को महसूस करने से लेकर उसे जीवंत करने की क्षमता रखती हैं.’
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, शूटरों को मिली हवाला नेटवर्क के जरिए मोटी रकम
नई दिल्ली: फरवरी में रोहित शेट्टी के जूहू वाले घर फायरिंग मामले में बड़े खुलासे हो रहे हैं. अब मुंबई क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है कि शूटरों को रिक्रूट करने वाले गोलू पंडित को हवाला के जरिए पैसे मिले थे. बिश्नोई गैंग ने नेपाल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हवाला नेटवर्क के जरिए ये पैसे भेजे थे.
दिव्यांका त्रिपाठी के ‘बेबी शॉवर’ में सजी सितारों की महफिल
नई दिल्ली: टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी के घर खुशियों का माहौल है. शादी के 10 साल बाद वो मां बनने वाली हैं, और इसी खुशी में मुंबई में उनका ग्रैंड बेबी शॉवर रखा गया, जहां ये हैं मोहब्बतें की पूरी टीम समेत कई टीवी सितारों ने पहुंचकर इस खास मौके को और भी खास बना दिया.
‘वो खुशी भी हमको मिलेगी’, सोनाक्षी सिन्हा की प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर मां पूनम सिन्हा ने तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली: सोनाक्षी सिन्हा की प्रेग्नेंसी अटकलें पिछले साल से ही लगाई जा रही हैं. जब भी सोनाक्षी पब्लिक इवेंट में दिखती हैं, तो उनकी एक खास तरह के पोज वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगती है और उनकी प्रेग्नेंसी की अटकले लगने लगती हैं. पिछले साल जब ऐसी अटकलें आईं तब सोनाक्षी और जहीर इकबाल दोनों ने इन अफवाहों पर हंसते हुए जवाब दिया और खारिज किया था. अब सोनाक्षी की मां पूनम सिन्हा ने भी इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है. पूनम सिन्हा ने कहा, “मुझे लगता है जिंदगी बेटियों के बिना कुछ है ही नहीं. बेटियों का होना बहुत जरूरी है.’ सोनाक्षी की प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर पूनम ने कहा, ‘पता नहीं कितनी बार नानी बना दिया हमको. लेकिन चलो, वो खुशी भी हमको मिलेगी, जरूर मिलेगी वो खुशी.’
नीलम गिरी का नया सॉन्ग ‘पढ़े जालु कवन कालेज में’ आउट
‘बिग बॉस 19’ फेम नीलम गिरी का नया गाना लॉन्च हो गया है. इस गाने का नाम ‘पढ़े जालु कवन कालेज में’ है. इस गाने को अंकुश राजा और अनुपमा यादव ने ने गाया है. गाने के बोल भी काफी कैची हैं, जो एक बार सुनने के बाद जुबां पर चढ़ जाते हैं. म्युजिक वीडियो में नीलम गिरी और अंकुश राजा ने शानदार परफॉर्मेंस किया है. उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी कमाल लग रही है. नीलम और अंकुश के बेहतरीन डांसिंग मूव्स देखने को मिल रहे हैं. इस गाने को दुबई में फिल्माया गया है. यह सॉन्ग हर उस यंगस्टर्स की कहानी कहता है, जो कॉलेज के दिनों में नोक-झोंक, प्यार और मस्ती करते हैं. ये गाना मस्ती और मनोरंजन से भरपूर है.
सिक्योरिटी गार्ड पर गुस्सा हुए थलापति विजय
तमिल सुपरस्टार थलापति विजय ने पूरी तरह राजनीति में कदम रख लिया है. हाल में दो जगह से नॉमिनेशन के बाद से वह जोर-शोर से चुनाव प्रचार में लग गए हैं. एक दिन पहले उन्होंने पुडुचेरी में चुनावी रैली की. इस दौरान वह अपने सिक्योरिटी गार्ड पर भड़क गए. गार्ड जब उनका रास्ता क्लियर कर रहा था, तब उसने एक बुजुर्ग आदमी को धक्का दिया.
शाहरुख खान-सलमान खान ने साथ में शादी अटेंड की
शाहरुख खान और सलमान खान हाल ही में एक ग्रैंड वेडिंग में शामिल हुए. इस इवेंट के वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे हैं. इन दोनों सितारों ने अपने खास अंदाज़ से इस जश्न में चार चांद लगा दिए, जिससे उनके फैंस हैरान रह गए. विरल भयानी ने ये वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें शाहरुख खान को रजत शर्मा की बेटी की शादी में शामिल होते देखा जा सकता है. उन्होंने अपने ‘सॉल्ट एंड पेपर’ लुक को फ्लॉन्ट करते हुए नए शादीशुदा जोड़े को बधाई दी. वहीं, सलमान खान काले रंग के सूट में बेहद शानदार लग रहे थे और अपने परिवार के साथ शादी में शामिल हुए. ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहे हैं.
दिव्या भारती को यादकर भावुक हुईं ममता कुलकर्णी, कहा- वो 90 के दशक की चमकती सितारा थीं
फिल्म इंडस्ट्री में कुछ सितारे ऐसे होते हैं, जो भले ही कम समय के लिए चमकते हैं, लेकिन उनकी रोशनी सालों तक लोगों के दिलों में बनी रहती है. ऐसी ही एक नाम है दिव्या भारती, जिनकी अचानक हुई मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. आज भी उनकी फिल्में और उनका चेहरा लोगों के दिलों में जिंदा है. उनकी पुण्यतिथि के मौके पर ममता कुलकर्णी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया. ममता कुलकर्णी ने लिखा, ‘दिव्या अपने आप में एक बड़ी सितारा थीं और 90 के दशक में फिल्म इंडस्ट्री की सबसे खूबसूरत और खास एक्ट्रेस में से एक थीं. आज के ही दिन उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा था.’
‘रूपाली-अनुपमा एक-दूसरे से अलग नहीं लगते’, अल्पना बुच ने एक्ट्रेस को दी जन्मदिन की बधाई
पॉपुलर शो अनुपमा में बा का किरदार निभाने वाली अल्पना बुच ने अपनी को-स्टार रूपाली गांगुली के जन्मदिन के मौके पर एक दिल छू लेने वाला पोस्ट साझा किया. इस पोस्ट में उन्होंने रूपाली के साथ अपनी पहली मुलाकात और उस वक्त मन में उठे सवालों को भी साझा किया. अल्पना बुच ने इंस्टाग्राम पर कई खूबसूरत और यादगार तस्वीरें साझा कीं, जिसमें दोनों सेट पर बिताए खास पल बिताती नजर आ रही हैं. उन्होंने लिखा, ‘रूपाली = अनुपमा, अनुपमा = रूपाली, ये एक-दूसरे से अलग नहीं लगते. जब मैं पहली बार रूपाली से मिली थी, तो मेरे मन में एक सवाल था कि एक हल्के-फुल्के और चुलबुले किरदार के लिए पहचानी जाने वाली एक्ट्रेस इतनी गंभीर और भावुक भूमिका कैसे निभा पाएगी.’
‘तुम हमेशा खुश रहो’, कृष्णा अभिषेक ने बहन आरती सिंह को दी जन्मदिन की बधाई
मशहूर कामेडियन और एक्टर कृष्णा अभिषेक ने अपनी बहन आरती सिंह के जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा किया. उन्होंने ने इंस्टाग्राम पर कई पुरानी तस्वीरें साझा की, जिसमें वह अपनी बहन आरती सिंह के साथ नजर आ रहे हैं. कृष्णा ने कैप्शन में लिखा, ‘आरती, तुम्हें जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, तुम जैसी हो, वैसी ही रहना, चाहे तुम परेशान करने वाली हो, चिढ़ाने वाली हो, थोड़ी बेवकूफी भरी हरकतें करती हो या कभी-कभी नहीं, बल्कि ज्यादातर समय नर्वस रहती हो. हम सब तुम्हें सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. मेरी कामना है कि तुम हमेशा खुश और स्वस्थ रहो.’
48 डिग्री की भीषण गर्मी में रणवीर सिंह ने की थी ‘धुरंधर 2’ की शूटिंग, तपते लोहे के कंटेनर्स के बीच दिया था शॉट
आदित्य धर की निर्देशित ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है, लेकिन इसकी सफलता के पीछे रणवीर सिंह की कड़ी मेहनत छिपी है. फिल्म के मेकअप आर्टिस्ट करणदीप सिंह ने खुलासा किया कि लुधियाना की 48 डिग्री झुलसा देने वाली गर्मी में रणवीर ने शूटिंग की थी. क्लाइमैक्स के एक खतरनाक सीन में उन्हें तपते लोहे के कंटेनर्स और आग के बीच स्टंट करने थे. भारी प्रोस्थेटिक्स, लेदर जैकेट और पसीने के बावजूद रणवीर का जज्बा कम नहीं हुआ. सेट पर गर्मी इतनी थी कि पंखे-एसी तक फेल हो गए थे. रणवीर के इसी अटूट जुनून और रीयल एक्शन की बदौलत फिल्म आज इतिहास रचने की राह पर है.
ऋषि कपूर संग शादी के दिन सितारों की भीड़ देख घबरा गई थीं नीतू सिंह, बीच मंडप में हो गई थीं बेहोश
बॉलीवुड स्टार करिश्मा कपूर ने हाल ही में सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल में अपनी चाची नीतू सिंह और दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर की शादी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया. करिश्मा ने बताया कि शादी के दिन सितारों के जमावड़े और भारी भीड़ को देखकर नीतू सिंह घबरा गई थीं और बीच शादी में ही बेहोश हो गई थीं, जिससे पूरा परिवार बुरी तरह डर गया था. इसके साथ ही करिश्मा ने नीतू सिंह की फिटनेस और अनुशासन की जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया कि नीतू आंटी हर जगह अपना छोटा सा टिफिन लेकर चलती हैं और बिरयानी जैसी चीजों से भी परहेज करती हैं. अपनी उम्र में उनकी इस फिटनेस को देखकर पूरा कपूर खानदान उन्हें अपना आदर्श मानता है.
पाकिस्तान में राज कपूर की पुश्तैनी हवेली पर कुदरत का कहर, भारी बारिश और भूकंप से ढहा एक हिस्सा
पाकिस्तान के पेशावर में स्थित दिग्गज बॉलीवुड फिल्ममेकरराज कपूर की पुश्तैनी हवेली को कुदरत की मार झेलनी पड़ी है. हाल ही में हुई भारी बारिश और शुक्रवार रात आए तेज भूकंप के कारण इस ऐतिहासिक इमारत का एक हिस्सा ढह गया. 100 साल पुरानी यह हवेली काफी समय से जर्जर हालत में थी, लेकिन ताजा झटकों ने इसकी संरचना को और अस्थिर कर दिया है. खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने 2016 में इसे राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया था, मगर उचित देखरेख के अभाव में अब इसके अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है. गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. धरोहर परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मरम्मत और संरक्षण के कदम नहीं उठाए गए, तो यह सांस्कृतिक विरासत हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी.
प्रभास की ‘फौजी’ के सेट से तस्वीरें हुई लीक, डायरेक्टर ने दी सख्त लीगल एक्शन लेने की चेतावनी
सुपरस्टार प्रभास इन दिनों अपनी अगली बड़ी फिल्म फौजी की शूटिंग में व्यस्त हैं. निर्देशक हनु राघवपुडी ने पुष्टि की है कि यह फिल्म दो हिस्सों में आएगी, जिसमें दूसरा भाग प्रीक्वल होगा. हाल ही में फिल्म के सेट से कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर लीक हो गईं, जिसके बाद मेकर्स ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी जारी की है. फिल्म की टीम ने साफ किया है कि लीक हुई तस्वीरें सिनेमाई अनुभव को खराब करती हैं. उन्होंने दर्शकों से अपील की है कि वे ऐसी सामग्री को शेयर न करें. मेकर्स ने चेतावनी दी है कि जो भी अकाउंट्स तस्वीरें सर्कुलेट कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बड़े पर्दे पर जो आने वाला है, वह इस इंतजार के काबिल होगा.
मृणाल ठाकुर ने कई बड़ी फिल्मों को किया रिजेक्ट, कहा- काम की क्वालिटी से नहीं करूंगी समझौता
मृणाल ठाकुर इन दिनों अपने करियर को लेकर काफी गंभीर हैं. ‘सीता रामम’ और ‘हाय नन्ना’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद उनकी लोकप्रियता आसमान छू रही है, लेकिन वह हर फिल्म को स्वीकार करने की जल्दबाजी में नहीं हैं. मृणाल ने हाल ही में खुलासा किया कि वह बड़े बैनर और भारी-भरकम फीस वाले प्रोजेक्ट्स को सिर्फ इसलिए मना कर रही हैं ताकि अपने काम की क्वालिटी को बरकरार रख सकें. उनका मानना है कि उन्होंने जो ऊंचा मुकाम हासिल किया है, उसे बरकरार रखना उनकी जिम्मेदारी है वह केवल वही स्क्रिप्ट चुनना चाहती हैं जो सार्थक हों और उनके पिछले किरदारों के साथ न्याय कर सकें.
स्पाई थ्रिलर ‘पैट्रियट’ का ट्रेलर हुआ जारी, जबरदस्तएक्शन करते दिखे मोहनलाल और ममूटी
मलयालम सिनेमा के दो सुपरस्टार मोहनलाल और ममूटी एक बार फिर पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं. निर्देशक महेश नारायणन की मोस्ट अवेटेड फिल्म पैट्रियट का ट्रेलर शनिवार को रिलीज कर दिया गया, जो एक्शन और रोमांच से भरपूर है. इसमें नयनतारा भी अहम रोल में नजर आएंगी. फिल्म के इस दमदार ट्रेलर ने फैंस के बीच उत्साह को दोगुना कर दिया है. हालांकि, मेकर्स ने फिल्म की रिलीज को कुछ दिनों के लिए टाल दिया है. पहले यह फिल्म 23 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है. टीम का कहना है कि वे दर्शकों को बेहतरीन सिनेमाई अनुभव देना चाहते हैं.
शादी के बाद रश्मिका मंदाना का पहला बर्थडे, पति विजय और सासू मां के साथ वेकेशन पर निकलीं एक्ट्रेस
रश्मिका मंदाना 5 अप्रैल को अपना 30वां जन्मदिन मनाएंगी. यह मौका बेहद खास है क्योंकि विजय देवरकोंडा के साथ शादी के बंधन में बंधने के बाद यह उनका पहला जन्मदिन है. सेलिब्रेशन की शुरुआत हो चुकी है और हाल ही में उन्हें विजय और उनके परिवार के साथ हैदराबाद एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, जहां से वे बर्थडे वेकेशन के लिए रवाना हुए. एयरपोर्ट पर पैपराजी ने रश्मिका को सरप्राइज केक देकर खुश कर दिया, जिसे उन्होंने अपनी सासू मां माधवी देवरकोंडा की मौजूदगी में काटा. ब्लैक क्रॉप टॉप और मैचिंग लॉन्ग स्कर्ट में रश्मिका बेहद खूबसूरत लग रही थीं.



