
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटा ग्राम पंचायत के अम्मटोला में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दोपहर करीब 1 बजे खलियान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की खड़ी फसलों को अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे उनकी कोशिशें नाकाम साबित हुईं। इस भीषण आगजनी में करीब 6 बीघा खेत में खड़ी गेहूं, चना और जौ की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। इससे खेत मालिक कृपा शंकर उपाध्याय और बटाईदार गोपाल केवट को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग अपना कहर बरपा चुकी थी और अधिकांश फसल जलकर राख हो चुकी थी।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह हादसा लापरवाही या किसी अज्ञात कारण से हुआ हो सकता है। मामले की जांच की मांग की जा रही है। इस घटना से प्रभावित किसानों की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है। मेहनत से तैयार की गई फसल के नष्ट हो जाने से परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना स्थानीय लेखपाल को दे दी गई है। वहीं ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजा देने और उचित जांच कराने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके अम्मटोला में हुई इस आगजनी की घटना ने एक बार फिर किसानों की असुरक्षा और प्राकृतिक/अकस्मात आपदाओं के प्रति उनकी निर्भरता को उजागर कर दिया है। अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई और पीड़ितों को मिलने वाली सहायता पर टिकी हुई है।

