UP News and Updates in Hindi: अगर आपको उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की मुख्य और ताजा खबरें पढ़नी हैं तो यहां पर आपको सब जानकारी मिलेगी. यहां आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 के साथ…
लखनऊ: महानगर में बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या
लखनऊ राजधानी के महानगर इलाके में सनसनी फैल गई जब 65 वर्षीय निर्मला देवी का शव उनके घर में मिला. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुपट्टे से गला कसकर उनकी हत्या की गई है. मृतक निर्मला देवी का बेटा दूसरे शहर में नौकरी करता है और वह घर पर बहू के साथ रहती थीं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, बहू के किसी पुरुष मित्र से संबंधों को लेकर सास-बहू के बीच अक्सर विवाद होता था. पुलिस ने बहू और उसके मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
उन्नाव: कातिल पत्नी का खौफनाक चेहरा
उन्नाव के अजगैन कोतवाली पुलिस ने एक अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा किया है. यहां एक पत्नी ने ही अपने पति की मौत की साजिश रची थी. आरोपी पत्नी सुखरानी ने दो सुपारी किलर्स (मोहित सिंह और अंकित यादव) को 40 हजार रुपये देकर अपने पति को रास्ते से हटवा दिया. 17 मार्च को पत्नी अपने पति को साथ ले गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गया. 19 मार्च को उसका शव खेतों में बरामद हुआ. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से 10 हजार रुपये नकद व मोबाइल बरामद किए हैं.
गाजीपुर: ईरान-इजरायल युद्ध पर बोले अफजाल अंसारी- ‘ईरान ने ट्रंप की हवा निकाल दी’
गाजीपुर में सपा सांसद अफजाल अंसारी ने अंतरराष्ट्रीय मसलों पर तीखा बयान दिया है. ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव पर अफजाल ने कहा कि इजरायल और अमेरिका ताकत के नशे में बेगुनाहों पर जुल्म ढा रहे हैं. अंसारी ने कहा, ‘ईरान के नेता डरे नहीं हैं, जबकि विपक्षी बिलों में घुसे हैं. यह जंग ट्रंप और नेतन्याहू के पतन का कारण बनेगी.’ उन्होंने भारत सरकार और जनता से ‘जालिम’ के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील करते हुए कहा कि अगर हिंद महासागर में ईरान का जहाज असुरक्षित है, तो हम भी सुरक्षित नहीं हैं.
अम्बेडकरनगर: अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, स्कॉर्पियो में अगवा कर बेरहमी से पीटा
अम्बेडकरनगर. महरुआ थाना क्षेत्र के तरसावां मोड़ पर दबंगों के हौसले बुलंद दिखे. दबंगों ने एक अधिवक्ता को रास्ते में रोककर न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि उन्हें स्कॉर्पियो गाड़ी में डालकर ले गए और जमकर पिटाई की. हमलावरों ने अधिवक्ता की गाड़ी में तोड़फोड़ की और उनकी सोने की चेन, मोबाइल व चाबी छीनकर फरार हो गए. शोर सुनकर बाजारवासी जुटे तो हमलावर भाग निकले. फिलहाल घायल अधिवक्ता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है.
चंदौली: लतीफशाह डैम में डूबने से दो युवकों की मौत
चंदौली: ईद के मौके पर पिकनिक मनाने आए दो युवकों के लिए लतीफशाह बांध काल बन गया. सकलडीहा कस्बे के निवासी समीर और एकलाख बांध में नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई. सूचना पर पहुंची चकिया कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बरामद किया. इस हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
संभल: कपड़ों पर कीचड़ क्या गिरा, गांव बन गया जंग का मैदान
संभल: जनपद के असमोली थाना क्षेत्र के गांव ओबरी में मामूली सी बात पर भारी बवाल हो गया. सड़क पर चलती गाड़ी से कपड़ों पर कीचड़ के छीटें क्या गिरे, दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते गांव जंग के मैदान में तब्दील हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते दिख रहे हैं. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी और पीड़ित पक्ष एक ही समुदाय के हैं और इस घटना का ‘ईद’ के त्योहार से कोई लेना-देना नहीं है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और स्थिति नियंत्रण में है.
अयोध्या: रामलला के दरबार में लखनऊ सुपर जायंट्स, कप्तान ऋषभ पंत और संजीव गोयनका ने लिया आशीर्वाद
आईपीएल के बीच फुर्सत मिलते ही लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंची. टीम के मालिक संजीव गोयनका और स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत समेत करीब 40 लोगों के जत्थे ने भव्य राम मंदिर में पूजा-अर्चना की. राम मंदिर ट्रस्ट के व्यवस्थापक गोपाल राव ने बताया कि टीम ने परिसर में स्थित म्यूरल के दर्शन किए और तस्वीरें भी खिंचवाईं. उन्होंने जानकारी दी कि रामनगरी में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रतिदिन 2 लाख से अधिक भक्त रामलला के दर्शन करेंगे.
एटा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, राजस्थान में मुनीम युवक की दर्दनाक मौत
एटा जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र के हरसिंहपुर मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में 26 वर्षीय युवक अजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा सवार गंभीर रूप से घायल है. मृतक अजीत कासगंज का निवासी था और राजस्थान में एक ईंट भट्टे पर मुनीम का काम करता था. हादसे के वक्त वह अपने साथ एक मजदूर की 6 वर्षीय बेटी प्राची को भी बाइक पर लेकर राजस्थान जा रहा था. पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
सोनभद्र: 124 बच्चों का पोषाहार ‘डकार’ गए जिम्मेदार
सोनभद्र जिले के कोन ब्लॉक अंतर्गत खेमपुर गांव में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है. यहां 124 बच्चों का पिछले तीन महीने का पोषाहार नहीं बांटने का आरोप लगा है. कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचकर करीब 4 घंटे तक जमकर हंगामा किया. ग्रामीणों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर नई कार्यकत्री की नियुक्ति और जांच की मांग की है. ग्रामीणों का आरोप है कि जांच टीम के सामने ही अभिलेखों और रजिस्टर के साथ छेड़छाड़ की गई है. आक्रोशित लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर बच्चों का हक मारने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा.
महिला की पिटाई की
हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली इलाके के चरखारी रोड पर दरवाजे में शराब पीने से मना करने पर दबंगई की गई. बीच सड़क पर महिला की बेरहमी से दबंग ने की पिटाई. सरेआम मारपीट का वीडियो इंटरनेट पर हुआ वायरल. पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर की जांच शुरू की.
मेरठ में रालोद की पंचायत: जयंत चौधरी को धमकी पर सियासी उबाल
मेरठ में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी के बाद रालोद कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला. रालोद कार्यालय पर हुई पंचायत में बड़ा ऐलान करते हुए बंगाल सरकार को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 2 दिन का अल्टीमेटम दिया गया. कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो दिल्ली में तृणमूल के 41 सांसदों का घेराव किया जाएगा. कुछ नेताओं ने सांसदों को बंधक बनाने तक की बात कही. रालोद कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि जयंत की सुरक्षा से किसी भी हाल में समझौता नहीं किया जाएगा.
कब्रिस्तान में बैनर को लेकर विवाद
बड़ौत की ईदगाह में नमाज के बाद कब्रिस्तान में बैनर को लेकर विवाद हिंसक हुआ. मारपीट का वीडियो वायरल और पुलिस जांच में जुटी. नमाज पढ़ने के बाद दो पक्षो के बीच मारपीट. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ओर लोगों ने कराया मामला शांत. बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में छपरौली चुंगी ईदगाह का मामला.
मजदूरों के नाम पर भुगतान किया गया
सोनभद्र जिले में एक बड़ा गोलमाल सामने आया है. ग्राम पंचायत में बिना काम किए ही मजदूरों के नाम पर भुगतान किया गया. जिन लोगों की मजदूरी दिखाई गई, वे असल में ई-रिक्शा चलाते हैं, दुकान चलाते हैं या अन्य निजी कार्यों में लगे हुए हैं. मामला का खुलासा शिकायत पत्र से हुआ. कई ऐसे लोगों के खातों में पैसा भेजा गया, जो कभी मजदूरी करने ही नहीं पहुंचे. ऐसे कई ग्राम पंचायत है जहां मनरेगा काम में गड़बड़ी सामने आ रही है. करमा विकास खंड के आमडीह गांव का मामला है.
अयोध्या पहुंची लखनऊ सुपर जॉइंट्स की 20 सदस्यीय टीम
लखनऊ सुपर जॉइंट्स की 20 सदस्यीय टीम पहुंची अयोध्या. किया रामलला के दर्शन पूजन. लखनऊ सुपरजाइंट्स टीम के मालिक संजीव गोयनका भी टीम के साथ रहे मौजूद. आईपीएल शुरू होने से पूर्व टीम ने लिया रामलला का आशीर्वाद. राम मंदिर में दर्शन पूजन कर लखनऊ के लिए रवाना हुई टीम.
सीएम योगी ने अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस की दी बधाई
अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस पर CM योगी ने कहा कि मैं सभी अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस की बधाई देता हूं. देश भर से आये सभी वन विशेषज्ञ का स्वागत करता हूं. धरती हमारी माता है, हम सब इसके पुत्र है. हर पुत्र का दायित्व है कि माँ के सम्मान संरक्षण में कोई खिलवाड़ ना हो. दुनिया के हर व्यक्ति को इसमें हुई चूक के बारे में सोचना चाहिए. ग्लोबल वार्मिंग और कूलिंग हम सबको चुनौती दी रही है. 10 पुत्रों के समान एक वृक्ष है. वन जीवन और प्रकृति के संतुलन का आधार है. वन के बगैर जीवन ककी कल्पना नहीं की जा सकती. पिछले 9 वर्षो में हमें वन अच्छादन को बढ़ाने में सफलता मिली. वृक्षारोपण अभियान जन आंदोलन के चलते सफल हुआ. वृक्षारोपण में समाज आगे सरकार पीछे थी. सरकार ने वन अच्छादन के लिए सिर्फ सहयोग किया.
ताजमहल परिसर में स्थित शाही मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गई
आगरा में ईद उल फितर का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ में मनाया जा रहा है. ताजमहल परिसर में स्थित शाही मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गई. जिसमें हजारों नमाजी शामिल हुए. सीआईएसएफ और ASI के अधिकारियों की निगरानी में यह नमाज अदा की गई. नमाज के बाद देश में अमन चैन की दुआ मांगी गई, उसके बाद लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद कीमुबारकबाद दी.
ईद की नमाज पढ़ी गई
सीतापुर में ईद की नमाज सकुशल संपन्न हुई. पूरे जिले में अमन और चैन से पढ़ी गई ईद की नमाज. मुल्क में अमन चैन के साथ तरक्की की मांगी दुआ. नमाज के दौरान डीएम एसपी करते रहे भ्रमण. सड़कों पर नहीं हुई नमाज. नमाज स्थलों पर भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा.
UP में ईद पर हाई अलर्ट: लखनऊ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उत्तर प्रदेश में ईद के अवसर पर राजधानी लखनऊ समेत सभी शहरों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस, PAC और RAF सहित भारी संख्या में फोर्स तैनात किए गए हैं. लखनऊ में हर्षोल्लास के साथ ईद मनाई जा रही है. नमाज के लिए ऐशबाग ईदगाह में सुबह 10 बजे, टीले वाली मस्जिद में 9 बजे और बड़ा इमामबाड़ा में 11 बजे कार्यक्रम निर्धारित है. इसके अलावा ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही है ताकि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा चुनौती को तुरंत नियंत्रित किया जा सके.
अयोध्या में धूमधाम से ईद की नमाज, अमन और भाईचारे का संदेश
अयोध्या में रमजान के पवित्र माह की ईद पर जिले के 567 ईदगाह मस्जिदों में नमाज अदा की गई. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी. इस अवसर पर विश्व में शांति और मध्य क्षेत्र में चल रहे युद्ध के समापन के लिए दुआ भी मांगी गई. जिले के वरिष्ठ अधिकारी भृमण सील मौजूद रहे. ईदगाहों पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भी पहुंचकर श्रद्धालुओं को ईद की शुभकामनाएं दी और भाईचारे व अमन का संदेश दिया. पूरे शहर में उत्सव और सौहार्द्र का माहौल रहा.
दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर फटा सिलेंडर: प्रतापगढ़ के आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक के चंदारी स्टेशन के पास फटे हुए सिलेंडर मिलने से हड़कंप मच गया. आरपीएफ की क्राइम ब्रांच ने सिलेंडर के साथ यात्रा कर रहे प्रतापगढ़ निवासी ओम प्रकाश को गिरफ्तार किया. आरपीएफ की स्पेशल टीम पूछताछ में जुटी है. आरोपी के पास से आधार कार्ड और मोबाइल भी बरामद हुए हैं. शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि मोबाइल बेचने वाले दुकानदार से भी पूछताछ की जा सकती है. पुलिस अब सिलेंडर और आरोपी के इरादों की पूरी तहकीकात कर रही है ताकि घटना के पीछे के मकसद का पता लगाया जा सके.
सोनभद्र में दो ट्रेलरों की जोरदार टक्कर, 1 की मौत, 2 गंभीर
सोनभद्र के मुर्धवा-हाथीनाला जंगल मार्ग पर देर रात दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीनों यात्री लगभग 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गए. राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को गड्ढे से बाहर निकालकर सीएचसी दुद्धी भेजा. घटना हाथीनाला थाना क्षेत्र में हुई, और पुलिस अब हादसे की पूरी जांच में जुटी है.
मथुरा: फरसा वाले बाबा की हत्या के विरोध में गौरक्षकों ने दिल्ली-आगरा हाईवे जाम
मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र के नवीपुर गांव के पास तड़के सुबह 4 बजे दिल्ली-आगरा हाईवे पर गौरक्षकों ने सड़क जाम कर दिया. यह रोष ब्रज के विख्यात गौरक्षक संत चंद्रशेखर फरसा वाले बाबा की हत्या के खिलाफ था. बाबा का पीछा करते हुए तीन हत्यारे वारदात को अंजाम देने में सफल हो गए, जबकि एक मुस्लिम युवक को मौके से पकड़ लिया गया. जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई. घटना के बाद सैकड़ों गौरक्षक एकत्रित हुए और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
सिद्धार्थनगर में जिलाधिकारी के निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप
सिद्धार्थनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण में 28 डॉक्टर और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए. जिलाधिकारी ने सभी से स्पष्टीकरण मांगा और एक दिन का वेतन रोक दिया. मरीजों के लिए बेहतर सुविधा न देने और सफाई व्यवस्था ठीक न होने के कारण जिलाधिकारी नाराज दिखाई दिए. उनके निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया.
मऊ में ईद की नमाज के बाद सपा सांसद राजीव राय का बयान
मऊ में ईद की नमाज के दौरान घोसी के सांसद राजीव राय ने कहा कि लखनऊ में हुकूमत किसी भी मौके का फायदा उठा सकती है, इसलिए वह अपने लोगों के बीच रहना जरूरी समझते हैं. उन्होंने कहा कि जो अमन के दुश्मन हैं और समाज में नफरत फैलाने की कोशिश करते हैं, उन्हें मोहब्बत से ही परास्त किया जाएगा. सांसद राजीव राय ने भरोसा दिलाया कि वह अपने लोगों के बीच भाई और बेटा बनकर रहेंगे और देश की एकता बनी रहेगी.
सोनभद्र में ओवरलोड कोयला ट्रक दुर्घटना, एक युवक की मौत
सोनभद्र में ओवरलोड कोयला लदे ट्रक से गिरा एक बड़ा कोयले का चट्टान, जो ट्रक के पीछे चल रहे बाइक सवारों के ऊपर आ गिरा. हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हुआ. घटना एनसीएल खड़िया और दूधीचुआ के बीच रेलवे ट्रैक पार करते समय हुई. स्थानीय लोगों ने शव को रेलवे ट्रैक पर घंटों रखकर जाम किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मौके पर पहुंची शक्तिनगर पुलिस ने लोगों को समझाकर शव अपने कब्जे में लिया. घायल युवक को स्थानीय लोगों ने अस्पताल भेजा. ओवरलोड वाहनों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोग नाराज हैं.
फर्रुखाबाद में एसओजी पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़
फर्रुखाबाद के कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में एसओजी पुलिस की लूट के आरोपियों से मुठभेड़ हुई. आरोपियों ने पहले एक ई-रिक्शा चालक के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था. चेकिंग के दौरान लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें सिपाही दिग्विजय को गोली लगी. पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश उपेंद्र उर्फ रॉकी घायल हो गया. पुलिस ने घायल बदमाश समेत दो आरोपियों को घेरा बंदी कर हिरासत में लिया. घायल बदमाश और सिपाही को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया.
मुख्यमंत्री ने वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का आकलन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हो रही वर्षा के दृष्टिगत निर्देश दिए हैं. उन्होंने ज़िलाधिकारियों को फील्ड में जाकर फसलों को हो रहे नुकसान का तत्काल आकलन कराने का निर्देश दिया. साथ ही राहत आयुक्त को फील्ड के अधिकारियों से सीधा समन्वय बनाए रखने और फसलों को हुई क्षति का आकलन प्राप्त कर समय पर मुआवजे का वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया.
मथुरा में घना कोहरा, राष्ट्रपति का दौरा जारी
मथुरा में घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिसके बीच आज महामहिम द्रौपदी मुर्मू का काफिला निकलेगा. तीन दिवसीय प्रवास के तीसरे दिन वे वृंदावन से गोवर्धन पहुंचेंगी. यहां दानघाटी मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती करने के बाद गोल्फ कार्ट से गिर्राज जी की 21 किमी परिक्रमा करेंगी. परिक्रमा पूरी करने के बाद वे सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से दिल्ली के लिए रवाना होंगी.
कानपुर ईदगाह में उमड़े नमाजी
कानपुर की बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज़ के लिए भारी संख्या में नमाज़ी पहुंचे. सुबह से ही परिसर में भीड़ उमड़ने लगी. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और भारी पुलिस बल तैनात रहा. भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए 250 वालंटियर लगाए गए, जो ह्यूमन चेन बनाकर लोगों को दिशा दे रहे हैं. नमाज़ दो शिफ्ट में अदा कराई जा रही है. प्रशासन ने अपील की है कि सड़क पर नमाज़ न पढ़ें. ईदगाह में पानी, बिजली और पंखों की व्यवस्था भी की गई है. करीब 3 लाख नमाज़ियों के पहुंचने का अनुमान है.
कानपुर पुलिस कमिश्नर को दो मामलों में मानवाधिकार आयोग का नोटिस
मानवाधिकार आयोग ने कानपुर के दो मामालों का संज्ञान लिया है. एक मामला जेल भेजे गए बंदी की मौत है और दूसरा 11 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या का है. आयोग ने कानपुर पुलिस कमिश्नर को नोटिस भेजकर तय समय में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है. दरअसल, 10 मार्च को कानपुर की जूही थाने की पुलिस ने चोरी के आरोप में 26 वर्षीय रंजीत को गिरफ्तार किया था. कोर्ट में पेश करने के उसे जेल भेजा गया था. 11 मार्च की शाम उसकी तबीयत बिगड़ी थी.
सोनभद्र में बिजली व्यवस्था चरमराई
सोनभद्र में गर्मी शुरू होते ही ओबरा की बिजली व्यवस्था चरमराई. दोपहर में 5 घंटे तो रात में फॉल्ट के नाम पर 7 घंटे तक विद्युत कटौती से लोग त्रस्त. रोज अनियंत्रित कटौती से लोगों का घर में रहना हुआ मुश्किल. नवरात्र में भी 10-10 घंटे विद्युत कटौती से बिजली विभाग पर प्रश्न चिन्ह खड़ा हो रहा है.
संगम नगरी में पूरी अकीदत के साथ मनाई जा रही ईद
ईद यानि ईद उल फितर का त्यौहार आज मनाया जा रहा है. संगम नगरी में पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनायी जा रही ईद. इस मौके पर ईदगाह में सुबह नौ बजे नमाज अदा की जाएगी. जामा मस्जिद समेत दूसरी मस्जिदों में भी ईद की विशेष नमाज अदा होगी. ईद की नमाज को लेकर सुरक्षा के बेहद चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं. पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं. संवेदनशील इलाकों में पीएसी और आर ए एफ को भी तैनात किया गया है. ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही है.
ईद की नामाज को लेकर पुलिस अलर्ट
उन्नाव में ईद की नमाज को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट है. इसी को लेकर डीएम गौरांग राठी और एसपी जेपी सिंह ने निरीक्षण किया. नमाज से पहले ईदगाहों के पास किया निरीक्षण. डीएम और एसपी ने ईद की नमाज को लेकर निर्देश दिए. ईद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम हैं.
हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: गर्भस्थ शिशु की मृत्यु पर भी मिलेगा अलग मुआवजा
हाईकोर्ट लखनऊ बेंच ने अहम फैसला देते हुए कहा है कि पांच माह से अधिक के गर्भस्थ शिशु को कानून की नजर में व्यक्ति माना जाएगा और उसकी मृत्यु पर अलग से मुआवजा दिया जाएगा. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि गर्भस्थ शिशु की मौत को स्वतंत्र जीवन की हानि माना जाएगा. यह आदेश सुखनंदन की अपील पर दिया गया, जो रेलवे क्लेम्स ट्रिब्यूनल के फैसले के खिलाफ दाखिल की गई थी. मामला 2018 में बाराबंकी स्टेशन पर गर्भवती महिला की मौत से जुड़ा है, जिसमें अब शिशु के लिए भी मुआवजे का अधिकार तय किया गया.
सोनभद्र हादसा: रेलवे ट्रैक पर गिरी कोयले की चट्टान, युवक की मौत पर हंगामा
सोनभद्र के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर कोयले की बड़ी चट्टान गिरने से एक युवक की दबकर मौत हो गई. यह हादसा एनसीएल खड़िया और दूधीचुआ के बीच हुआ. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शव को ट्रैक पर रखकर घंटों हंगामा किया और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मौके पर पहुंची शक्तिनगर पुलिस लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही.
संभल हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत, पांच घायल
संभल के चंदौसी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक सवार की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए. सभी लोग देर रात ईद की खरीददारी के लिए बाजार जा रहे थे. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. घटना संभल कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है.
बुलंदशहर मुठभेड़: अनिल मावी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता घायल
बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अनिल मावी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता निवेश उर्फ नैनु घायल हो गया. जौली गांव निवासी आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने उसके पास से चोरी की बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किए. आरोपी पर आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. गौरतलब है कि 4 मार्च को होली के दिन जौली गांव के पास ताबड़तोड़ फायरिंग कर अनिल मावी की हत्या कर दी गई थी.



