
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
शक्तिनगर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं तृतीय के तत्वाधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर (दिन- रात) दिनांक 17 मार्च 2026 को स्वयंसेवकों द्वारा समाज सेवा और जनजागरूकता के संकल्प के साथ समाप्त हुआ। समापन समारोह में स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर पारंपरिक गीत एवं नृत्य के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ० विनोद कुमार पाण्डेय द्वारा सात दिवसीय शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और इस संबंध में स्वयंसेवकों के सुझावों को स्थानीय प्रशासन तक पहुंचाने का प्रस्ताव पेश किया गया।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ० छोटे लाल प्रसाद द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के इस सात दिवसीय विशेष शिविर में सहयोग दे रहे प्रतिनिधियों के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया गया। इस दौरान शिविर में भाग ले रहे स्वयंसेव हिमांशु कुमार गुप्ता अंजना पूर्ति, प्रभा सोंधिया और प्रिया कुमारी अग्रहरि को वेस्ट वॉलिंटियर सम्मान दिया गया। इसके साथ ही अन्य स्वयंसेवकों को भी विभिन्न गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। समारोह में समाजसेवी अभिषेक द्विवेदी को भी सम्मानित किया गया। अभिषेक ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की उक्त दोनों इकाइयां पिछले तीन वर्षों से चिल्काडांड ग्राम में जन जागरूकता के लिए अपना बहुमूल्य समय दे रही हैं और अब इसका प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम में स्वयंसेविका अंजना पूर्ति ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया वहीं कविता कुमारी ने पारंपरिक नृत्य के माध्यम से लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। इसी क्रम में पूजा यादव, रूबी खातून, आशुतोष उपाध्याय, पंकज गुप्ता ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सभी का दिल जीत लिया । डॉ० विनोद कुमार पाण्डेय ने सभी सहभागियों का स्वागत किया एवं डॉ० छोटे लाल प्रसाद ने धन्यवाद व्यापित किया। इस अवसर पर दोनों कार्यक्रम अधिकारियों ने चिल्काडांड के प्रधान हीरालाल जी के प्रति विशेष आभार प्रकट किया जिनके सहयोग के बिना 100 स्वयंसेवकों का यह विशेष शिविर सफल नहीं हो सकता था। शिविर का समापन राष्ट्रगान गायन के पश्चात हुआ।