
विंध्य ज्योति संवाददाता राजन जायसवाल
कोन (सोनभद्र), कोन क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है। दो लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र में मरीजों को इलाज के लिए 80 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज जाना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के तत्वावधान में गांव-गांव हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि अस्पताल में पांच डॉक्टरों की नियमित तैनाती के साथ एक महिला चिकित्सक और एक हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाए। यह अभियान लोगों से हस्ताक्षर कराकर स्वास्थ्य विभाग और सरकार तक क्षेत्र की समस्या पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल पहले ही संबंधित विभाग को पत्र लिखकर संज्ञान दिला चुके हैं। उनके हस्तक्षेप के बाद अस्पताल में दो डॉक्टर नियमित रूप से बैठने लगे हैं, लेकिन अभी तक हड्डी रोग विशेषज्ञ और महिला चिकित्सक की नियुक्ति नहीं हो पाई है।
राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद पटेल दयालु के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी है। हाल ही में ग्राम पंचायत खरौंधी के टोला घघिया में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी मांग के समर्थन में हस्ताक्षर किए। आनंद पटेल दयालु ने बताया कि कोन क्षेत्र की लगभग दो लाख आबादी के लिए महिला डॉक्टर और हड्डी रोग विशेषज्ञ का होना अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में मरीजों को इलाज के लिए 80 किलोमीटर दूर राबर्ट्सगंज जाना पड़ता है, जिससे गरीब और ग्रामीण परिवारों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कोन में अस्पताल भवन तो मौजूद है, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण लोगों को उचित इलाजनहीं मिल पा रहा है। महिला डॉक्टर के अभाव में गर्भवती महिलाओं और अन्य महिला मरीजों को विशेष परेशानी होती है। इसके अतिरिक्त, अस्पताल में कई आवश्यक जांच मशीनें भी उपलब्ध नहीं हैं।
आनंद पटेल दयालु ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही महिला चिकित्सक और हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अभियान के दौरान सत्यनारायण पटेल, अरुण कन्नौजिया, अनिल खरवार सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संतोष कनौजिया (प्रदेश उपाध्यक्ष), विकास कुमार गौड़ (प्रदेश सचिव) और अजय पटेल (जिला उपाध्यक्ष) भी मौजूद थे।