नई दिल्ली. टेलीविजन की दुनिया में अपनी दमदार एक्टिंग और मासूम चेहरे के लिए मशहूर देवोलीना भट्टाचार्जी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. ‘साथ निभाना साथिया’ की सीधी-सादी ‘गोपी बहू’ ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा फोटोशूट शेयर किया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. इस बार देवोलीना ने मॉडर्न नहीं, बल्कि एक बेहद अनोखा और पारंपरिक रेट्रो लुक अपनाया है, जो पुराने दौर की याद दिलाता है.
साड़ी और स्टाइल का अनोखा संगम तस्वीरों में देवोलीना एक चमकदार पर्पल (Purple) रंग की साड़ी में नजर आ रही हैं, जिस पर बेज रंग के खूबसूरत मोटिफ बने हैं. उन्होंने इसे एक रस्ट-रेड रंग के ब्लाउज के साथ पेयर किया है. हालांकि, जिस चीज ने सबका ध्यान खींचा, वह थी उनकी हेयरस्टाइल और मेकअप. देवोलीना ने अपने बालों की एक लंबी और मोटी चोटी बनाई है, जिसे गोल्डन हेयर एक्सेसरीज से सजाया गया है. उन्होंने माथे पर बेबी हेयर को जेल लगाकर एक विशिष्ट आकार दिया है, जो उन्हें एक क्लासिक विंटेज वाइब दे रहा है.
फैंस को रास नहीं आया देवोलीना का रेट्रो लुक
उनके लुक को पूरा करने में बड़ी लाल बिंदी, आंखों में लगा गहरा काजल और सिल्वर नोज रिंग ने अहम भूमिका निभाई. न्यूड पिंक लिपस्टिक के साथ उन्होंने अपने मेकअप को संतुलित रखा, ताकि सारा फोकस उनकी आंखों और पारंपरिक ज्वेलरी पर रहे.
फैंस और ट्रोलर्स के बीच छिड़ी बहस जैसे ही देवोलीना ने ये तस्वीरें साझा कीं, इंटरनेट पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. एक्ट्रेस के अनोखे लुक को जहां फैंस ने काफी पसंद किया है, वहीं कुछ लोग उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं. देवोलीना के चाहने वालों ने उनकी तारीफों के पुल बांध दिए. एक फैन ने उनकी तुलना पुरानी फिल्मों की अभिनेत्रियों से करते हुए लिखा, ‘आपकी मुस्कान और वो जादुई आंखें, बिल्कुल शानदार’. वहीं, कई लोगों ने उनके ‘गोपी बहू’ किरदार को याद करते हुए उन्हें ‘सदाबहार सुंदरी’ बताया.
सोशल मीडिया यूजर्स कर रहे ट्रोल
दूसरी ओर, सोशल मीडिया का एक वर्ग ऐसा भी था जिसे यह लुक पचा नहीं. ट्रोलिंग का शिकार होते हुए देवोलीना को कई अजीबोगरीब कमेंट्स का सामना करना पड़ा. एक यूजर ने मजाक में लिखा, ‘आज लग रहा है कि ये वाकई कोकिला की बहू है’, तो किसी ने कहा, ‘मैं तो देखकर ही डर गई’. कुछ यूजर्स ने उनके फैशन सेंस पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतना भी एक्सपेरिमेंट अच्छा नहीं लगता.
देवोलीना ने ‘साथ निभाना साथिया’ से घर-घर में पहचान बनाई. उन्होंने ‘लाल इश्क’, ‘दिल दीयां गल्लां’ और फिल्म ‘बंगाल 1947’ जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की है.


