
संवाददाता। राजन जायसवाल।
कोन (सोनभद्र), कोन थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो चालक रामनिहोर चेरो (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां, बहन, भांजी सहित छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना कोन-तेलगुडवा मार्ग पर बालू साइड रोगही के पास हुई।
मृतक रामनिहोर चेरो (45) पुत्र स्व. रातुल, चाची खुर्द, थाना कोन का निवासी था। घायलों में उसकी भांजी अनिता (25), बहन लीलावती (48) और मां गुलजरिया (75) शामिल हैं, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, रामनिहोर अपनी मां गुलजरिया को लेने के लिए बहन के घर मदरिया पडरक्ष गया था। गुलजरिया पिछले 15 दिनों से अपनी बेटी के यहां थीं और उन्हें पैरालिसिस हो गया था। मंगलवार शाम करीब 4 बजे रामनिहोर अपने चचेरे भाई ललित मोहन, बहन, भांजी और बच्चों समेत कुल सात लोगों के साथ ऑटो से चाची खुर्द लौट रहा था।
रोगही के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से बचने के प्रयास में रामनिहोर ने अचानक ऑटो मोड़ा। इसी दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल कोन के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद रामनिहोर को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें अनिता और गुलजरिया की हालत गंभीर बताई जा रही है।रामनिहोर अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह ड्राइवरी का काम करता था और उसके छह बेटियां और एक बेटा है।

