
संवाददाता। जीतेन्द्र आग्रहरी।
दुद्धी (सोनभद्र) – सोनभद्र के अमवार में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना ने पीएससी कैंप को दहला दिया। 39वीं बटालियन की जी कंपनी में तैनात जवान संदीप सिंह खरवार (26 वर्ष), पुत्र विनोद कुमार सिंह निवासी ग्राम आलमपुर, पोस्ट असनाहट, थाना गढ़वार, जिला बलिया, ने ड्यूटी समाप्त होने से महज 5 मिनट पहले अपने सर्विस गन (एसएलआर) से खुद को गोली मार ली।
बताया जा रहा है कि संदीप 2 से 4 बजे तक संत्री ड्यूटी पर तैनात थे। 5 अगस्त 2025 को वह अमवार में ड्यूटी के लिए आए थे ड्यूटी के अंतिम क्षणों में, अज्ञात कारणों से उन्होंने सरकारी असलहे से अपने गर्दन में गोली चला दी।
गोली लगते ही मौके पर मौजूद सहकर्मी दौड़ पड़े और तुरंत पुलिस वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट के चलते संदीप ने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही 48वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट विजय आनंद, क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, कस्बा इंचार्ज जयशंकर राय सहित कई अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जवान के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
