
संवाददाता। जितेन्द्र अग्रहरी।
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बोलताकरम गांव में एक 16 वर्षीय लड़की की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका लक्ष्मी का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है।
शादी में गया था परिवार, घर में अकेली थी लक्ष्मी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी अपने पिता अजय और दादा के साथ बोलताकरम गांव में रहती थी। उसकी मां का निधन कई वर्ष पूर्व हो गया था। शुक्रवार को उसके पिता और परिवार के अन्य सदस्य बरहपान गांव में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे, उस दौरान लक्ष्मी घर पर चाचा के दो छोटे बच्चों के साथ थी।
जब परिजन आज समारोह से वापस लौटे तो घर का नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए। लक्ष्मी का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
झारखंड से आए युवक पर शक, घटना के बाद से फरार
परिजनों ने शक जाहिर किया है कि झारखंड से आने वाला युवक सुनील, जो कि लक्ष्मी के बड़े पापा लालू प्रसाद की बहू का भाई है, इस घटना में संलिप्त हो सकता है। बताया गया कि सुनील अक्सर लक्ष्मी के पास आया करता था। घटना के दिन भी वह वहां देखा गया था, लेकिन जब परिजन लौटे तो वह घर से गायब था और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिला।
हालांकि, उसका भाई अनिल उस वक्त घर पर ही मौजूद था। यह बात भी पुलिस के संज्ञान में लाई गई है।
“लक्ष्मी आत्महत्या नहीं कर सकती”, बोले परिजन
लक्ष्मी के परिवार का कहना है कि वह मानसिक रूप से मजबूत थी और किसी भी परिस्थिति में आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का रहस्य
अमवार चौकी प्रभारी मक्खन राम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।

