Last Updated:
Para Asian Games Day 2 India medal: आईची-नागोया में हो रहे 2026 एशियाई पैरा खेलों के पहले दिन 11 पदक (चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य) जीतने के बाद भारत अब दूसरे दिन अपनी इस शानदार शुरुआत को आगे बढ़ाने के लिए मैदान पर उतर चुका है.
पैरा एशियन गेम्स 2026 में भारत ने दूसरे दिन भी शानदार आगाज किया है.
आईची-नागोया: पैरा एशियन गेम्स 2026, 20 अक्टूबर: जापान के आईची-नागोया में जारी पैरा एशियाई खेलों में आज दूसरे दिन भारत ने शानदार शुरुआत कर ली है. दीप्ति जीवनजी ने 400 मीटर टी20 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता तो भाविना पटेल को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा. टेबल-टेनिस और बैडमिंटन में कई खिलाड़ियों ने अपने पदक पक्के किए.
दीप्ति जीवनजी को गोल्ड
दीप्ति जीवनजी ने एशियाई पैरा खेलों के रिकॉर्ड के साथ महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में मंगलवार को 56.36 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता. तेलंगाना की 23 वर्ष की दीप्ति दो बार पैरा विश्व चैंपियनशिप में पदक जीत चुकी है और 2024 में स्वर्ण जीता था, उन्होंने पैरालंपिक में भी इसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है. जापान की नीना कान्नो ने 58.92 सेकंड का समय निकालकर रीजत और अकाने कातो ने एक मिनट 00.26 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता. टी-20 श्रेणी में बौद्धिक अक्षमता वाले खिलाड़ी भाग लेते हैं जिन्हें सूचना समझने, एकाग्रता बनाने और तकनीकी रणनीति पर अमल करने में दिक्कत होती है.
टेबल टेनिस में चार ब्रॉन्ज मेडल पक्के
रवि बेबी साहाना और प्राची दुबे एशियाई पैरा खेलों में स्टैंडिंग श्रेणी में पदक जीतने वाली भारत की पहली पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी बन गई, जबकि भारत ने मंगलवार को टेबल टेनिस में चार कांस्य पदक जीते. पैरालम्पिक पदक विजेता भाविना पटेल, सोनलबेन पटेल, प्राची और साहाना महिला एकल स्पर्धा में अपने अपने वर्ग के सेमीफाइनल में पैरालंपिक पदक विजेताओं से हार गई. भारत ने पिछली बार पैरा एशियाई खेलों की टेबल टेनिस स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीते थे.
भाविना पटेल को टेबल टेनिस में ब्रॉन्ज
टेबल टेनिस स्पर्धा में महिलाओं के एकल 4-5 वर्ग के सेमीफाइनल में चीन की आठ बार की पैरालंपिक चैंपियन झांग बियान से हारने के बाद मंगलवार को कांस्य पदक जीता. पैरालंपिक की पूर्व रजत पदक विजेता भाविना को 7-11, 5-11, 7-11 से पराजय का सामना करना पड़ा. पिछली बार कांस्य जीतने वाली भाविना ने 2018 खेलों में रजत पदक जीता था. 40 साल की बियान ने पिछले पैरा एशियाई खेलों में रजत पदक जीता था. गुजरात की 39 वर्ष की भाविना राष्ट्रमंडल खेलों की पूर्व स्वर्ण पदक विजेता रह चुकी हैं. 4-5 वर्ग में वे खिलाड़ी आते हैं जिनका शरीर के ऊपरी हिस्से पर पूरा नियंत्रण हैं, लेकिन पैरों या निचले हिस्से में विकार के कारण व्हीलचेयर पर हैं.
पैरा बैडमिंटन में कई पदक पक्के
प्रमोद भगत और मनीषा रामदास और कृष्णा नागर और नित्याश्री सुमति सिवन की मिश्रित युगल टीमों ने अपनी-अपनी स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के कर लिए. नागर और नित्या ने चीनी ताइपै के वू यू येन और जिन जिया सियांग को 21-15, 21-10 से हराकर ग्रुप ए में दूसरा स्थान हासिल किया और एसएच6 श्रेणी के सेमीफाइनल में जगह बनाई. भगत और रामदास ने थाईलैंड के सिरिपोंग टीमारोम और चानिदा श्रीनावाकुल को 21-15, 21-14 से हराकर एसएल3 . एसयू5 वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई.
प्रवीण कुमार को शॉटपुट एफ11 में सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन के साथ कांस्य
प्रवीण कुमार को पुरुषों की शॉटपुट एफ11 वर्ग में सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक मिला. 19 साल के प्रवीण ने 13.86 मीटर का थ्रो फेंककर छह खिलाड़ियों में दूसरा स्थान हासिल किया. ईरान के आमिर हुसैन अलीपोर ने एशियाई रिकॉर्ड के साथ 14.99 मीटर का थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक जीता जबकि उनके हमवतन माहदी ओलाद को रजत पदक मिला. एफ11 वर्ग में लगभग पूर्ण दृष्टिबाधित खिलाड़ी भाग लेते हैं.
पावरलिफ्टर अशोक ने 65 किलो में रजत पदक जीता
अशोक ने पुरुषों की 65 किलो पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीता. 37 साल के अशोक ने 192 किलो वजन उठाया. चीन के पैरालंपिक चैंपियन जोउ यि ने 216 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता. इंडोनेशिया के मारगोनो को कांस्य पदक मिला. अशोक ने 187 किलो के साथ शुरूआत की जबकि दूसरे प्रयास में 192 किलो वजन उठाया. वह अंतिम प्रयास में 201 किलो नहीं उठा सके. सोनीपत जिले के गोहाना के रहने वाले अशोक को बचपन में पोलियो हो गया था.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…


