
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
चोपन। नगर में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को चोपन कस्बा स्थित पुलिस चौकी का पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विधि-विधान से लोकार्पण किया। पुलिस अधिकारियों की ओर से चौकी के सक्रिय होने के बाद क्षेत्र में गश्त, निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की बात कही गई।लेकिन चौकी के लोकार्पण के कुछ ही घंटों बाद नगर के प्राचीन काली मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए काली माता का चांदी का मुकुट और छत्र चोरी कर लिया। धार्मिक स्थल में हुई इस चोरी की जानकारी होने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता की आवश्यकता है। इसके बावजूद प्राचीन काली मंदिर में चोरी की घटना पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करती है।
पहले भी चोरी की घटना से नहीं लिया गया सबक
काली मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं बताई जा रही है। इससे पहले मंदिर परिसर में लगे समरसेबल के तार भी चोरी हो चुके हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि पहले की घटना के बाद मंदिर और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई होती तो शायद ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।
चौकी खुलते ही चोरी ने बढ़ाई चिंता
सबसे गंभीर बात यह है कि जिस दिन पुलिस चौकी का लोकार्पण कर क्षेत्र में अपराध रोकने और कानून व्यवस्था मजबूत करने का संदेश दिया गया, उसी रात नगर के प्राचीन धार्मिक स्थल में चोरी की घटना सामने आई। चौकी का लोकार्पण और चोरी की घटना समय की दृष्टि से भले ही एक संयोग हो, लेकिन इस घटनाक्रम ने पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों के मन में कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि नई पुलिस चौकी से उन्हें सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद थी, लेकिन चौकी के शुभारंभ के तुरंत बाद मंदिर में चोरी की घटना ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। अब स्थानीय लोग पुलिस से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने, चांदी का मुकुट व छत्र बरामद करने तथा मंदिर सहित आसपास के संवेदनशील स्थानों पर रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच और चोरों की तलाश किए जाने की बात कही जा रही है। अब देखना यह है कि पुलिस इस घटना का कितनी जल्दी खुलासा कर पाती है और मंदिर में हुई चोरी का सामान बरामद कर आरोपियों तक पहुंचती है।