मध्य प्रदेश के भोपाल में एक चौंकाने वाली घटना में पीड़ित नर्सिंग ऑफिसर को मिले ई-ट्रैफिक चालान की फोटो में स्कूटी को पुलिस की वर्दी पहने एक महिला चलाते हुए दिखी है। रोशनपुरा क्रॉसिंग पर ट्रैफिक सिग्नल तोड़ते हुए वह गाड़ी कैमरे में कैद हुई है।
मध्य प्रदेश के भोपाल में हमीदिया अस्पताल की एक महिला नर्सिंग ऑफिसर की हाल ही में चोरी हुई स्कूटी के ई-चालान के बाद उसके साथ आई फोटो ने पुलिस के कामकाज पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा दावों पोल खोलकर रख दी है। पुलिस जिस स्कूटी को अब तक नहीं ढूंढ पाई है, उसी के कैमरे में वह स्कूटी पुलिस की तरह खाकी वर्दी पहनी हुई एक महिला कैद हुई है।
दरअसल, पीड़ित नीलू साहू रोजाना की तरह 22 अगस्त की सुबह भी अपनी स्कूटी से ड्यूटी पर गई थीं। वहां हमीदिया अस्पताल में वह स्कूटी अपने रोज के स्थान पर खड़ी कर अंदर चली गईं। जब वह वापस आईं तो स्कूटी वहां से गायब थी। अस्पताल के अंदर और बाहर काफी तालश करने के बाद भी स्कूटी का कुछ पता नहीं चल सका। इसके उन्होंने पास के संबंधित थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ वाहन चोरी की एफआईआर दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक स्कूटी की डिग्गी के अंदर उनका बैग भी था, जिसमें एक मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, एसबीआई का एटीएम कार्ड और एक कार की डिजिटल चाबी भी रखी हुई थी।
रेड लाइट जंप का कटा है ई-चालान
भोपाल पुलिस चोरी हुई उस स्कूटी को भले ही अब तक ढूंढ नहीं पाई है, लेकिन पीड़िता को उसका ई-चालान भेजकर खुद ही अपनी किरकिरी करवा ली है। नीलू की स्कूटी चोरी होने के कुछ दिन बाद उनके मोबाइल फोन पर 2 सितंबर को हाल ही में हुए एक ई-चालान का मैसेज मिला। नीलू ने जब चालान के साथ आई फोटो देखी तो वह दंग रह गईं। फोटो में वही चोरी हुई स्कूटी साफ दिखाई दे रही थी, जिसे एक महिला चला रही थी और जिसने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। यह चालान रोशनपुरा चौराहे पर रेड लाइट जंप करने के कारण काटा गया था।
महिला का पता लगाने को सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
ई-चालान का मैसेज मिलते ही नीलू ने तुरंत थाने जाकर पुलिस को इसकी जानकारी दी । कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ने पुष्टि की है कि चोरी हुई स्कूटी और ई-चालान के फोटो में दिख रही स्कूटी एक ही हैं। पुलिस फोटो में स्कूटी चलाती दिख रही महिला पुलिसकर्मी का पता लगाने के लिए अब रोशनपुरा चौराहे के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
द फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्कूटी चला रही महिला असली पुलिसकर्मी है या फिर उसने अपनी पहचान छिपाने और चेकिंग से बचने को फर्जी तरीके से पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। इस मामले में आगे की जांच चल रही है।



