मध्य प्रदेश में हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है। पुलिस की जनसुनवाई में एक पति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाया है। पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने अपनी पिछली पांच शादियों को छुपाकर खुद को कुंवारी बताकर उससे शादी की थी। अब उसकी पत्नी घर से जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर चली गई है।
इंदौर में पुलिस की मंगलवार को हुई जनसुनवाई में पति-पत्नी के विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पति ने अपनी पत्नी पर पिछली शादियों की जानकारी छिपाकर खुद को अविवाहित बताने का आरोप लगाया है। कुंदन नगर निवासी लोकेश तंवर का दावा है कि शादी के करीब एक साल बाद उसे पत्नी के कथित पिछले वैवाहिक जीवन की जानकारी मिली। उसका आरोप है कि शादी के बाद पत्नी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करती थी और कई बार मारपीट तक की। एक विवाद के बाद वह जेल भी गया। लोकेश का दावा है कि अब उसकी पत्नी घर से जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर चली गई है। उसने पुलिस आयुक्त की जनसुनवाई में शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
तलाक के बाद की दूसरी शादी
लोकेश के मुताबिक, उसकी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था। इसके बाद उसने दूसरी शादी की। उसका दावा है कि करीब एक साल पहले जिस महिला से उसने विवाह किया, उसने खुद को अविवाहित बताया था। शादी के बाद करीब एक साल तक सब सामान्य नहीं रहा। लोकेश का आरोप है कि धीरे-धीरे उसे पत्नी के पूर्व वैवाहिक जीवन के बारे में जानकारी मिली। उसका दावा है कि महिला इससे पहले भी कई शादियां कर चुकी थी।
पांच शादियों का पति ने किया दावा
लोकेश ने पुलिस जनसुनवाई में दावा किया कि उसकी पत्नी की उसके साथ शादी से पहले कथित तौर पर पांच शादियां हो चुकी थीं। उसका यह भी दावा है कि दूसरी शादी से महिला के दो बेटे हैं। उसके मुताबिक, महिला की कथित तीसरी शादी बागली, चौथी देवास और पांचवीं शादी फूटी कोठी चौराहे के आसपास हुई थी। हालांकि, इन दावों की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि महिला की पूर्व में कितनी शादियां हुई थीं और उसने अपनी वैवाहिक स्थिति के बारे में क्या जानकारी दी थी।
छोटी-छोटी बातों पर विवाद का आरोप
लोकेश का आरोप है कि शादी के बाद पत्नी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करती थी। विवाद बढ़ने पर वह अपने भाई को बुला लेती थी। पति के मुताबिक, इसी तरह के एक विवाद ने बाद में गंभीर रूप ले लिया। उसका आरोप है कि पत्नी की शिकायत के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई हुई और उसे जेल जाना पड़ा। लोकेश का दावा है कि पत्नी ने उसे जानबूझकर मामले में फंसाया था। हालांकि, इस आरोप का दूसरा पक्ष सामने नहीं आया है।
अब घर से सामान लेकर जाने का आरोप
लोकेश का दावा है कि विवादों के बीच उसकी पत्नी अब घर से जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर चली गई है। उसने इस संबंध में भी पुलिस से शिकायत की है और मामले की जांच की मांग की है। पुलिस जनसुनवाई में शिकायत मिलने के बाद मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि पति द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और कथित पूर्व शादियों से जुड़े दस्तावेज या अन्य प्रमाण मौजूद हैं या नहीं।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
फिलहाल मामला पति की शिकायत और उसके द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। महिला की ओर से इस संबंध में कोई पक्ष या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में पिछली शादियों की संख्या, वैवाहिक स्थिति छिपाने, मारपीट और घर से सामान ले जाने जैसे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।



