मध्य प्रदेश के शाजापुर में रविवार तड़के हुए एक भीषण बस हादसे में 29 यात्री घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। नेशनल हाईवे-52 पर रविवार सुबह टूकराना जोड़ के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बस में सवार 29 यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भी यह बस सारंगपुर की तरफ से आ रही थी और इंदौर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस शाजापुर के टूकराना जोड़ के पास पहुंची, वह हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।
प्रशासनिक मदद और अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 और 108 की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी 29 घायलों को एम्बुलेंस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से 2 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के असल कारणों की जांच में जुटी है कि यह दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।


