ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को रांची में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। बुधवार सुबह छह से रात 12 बजे तक बस व ट्रक आदि के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। भारी वाहन रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को रांची में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। बुधवार सुबह छह से रात 12 बजे तक बस और ट्रक आदि के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। भारी वाहन रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। बताया गया कि दिन के 12 बजे से जुलूस की समाप्ति तक सर्जना चौक से राजेंद्र चौक तक छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहनों का भी प्रवेश वर्जित किया गया है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने आदेश जारी किया है। जारी आदेश में कहा गया है कि आवश्यकता के अनुसार किसी भी रूट को डायवर्ट या फिर बंद किया जाएगा।
इन मार्गों में छोटे-बड़े वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
सर्जना चौक से वूल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपी, सुजाता चौक बिग बाजार होते हुए राजेंद्र चौक, कांटाटोली से कुम्हार टोली, नया टोली होते हुए पत्थल कुदवा, प्लाजा चौक से मिशन चौक तक, मिशन चौक से कर्बला चौक तक, कर्बला चौक से काली मंदिर, वूल हाउस की ओर जाने वाले मार्ग के बीच सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
पर्व पर रांची पुलिस ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आमजनों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए मंगलवार को शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर अलबर्ट एक्का चौक से डोरंडा तक पुलिस बल ने मार्च किया। जुलूस को लेकर जिलेभर में पांच सौ से अधिक अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है। चार आईपीएस, तीन डीएसपी के अलावा आधा दर्जन थानेदार व क्यूआरटी को भी सुरक्षा में अलग से लगाया गया है। एसएसपी ने सभी को सख्त निर्देश दिया है कि वे जुलूस के साथ ही रहें।
सिटी एसपी का निरीक्षण बाइक दस्ते की पेट्रोलिंग
पैदल फ्लैग मार्च के साथ बाइक दस्ते ने मेन रोड, एकरा और डोरंडा थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान संभावित जुलूस मार्गों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी पारस राणा समेत कई अधिकारी मार्च में शामिल थे। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात कर जुलूस के मार्गों की जानकारी ली।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात
फ्लैग मार्च के दौरान ड्रोन के माध्यम से भी क्षेत्र की निगरानी की गई। पुलिस पदाधिकारियों ने प्रतिनियुक्त बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ब्रीफ किया। संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। हिदायत दी गई कि अगर कोई व्यक्ति पर्व में व्यवधान उत्पन्न करता है तो उसके खिलाफ पुलिस सख्त कदम उठाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें
फ्लैग मार्च में सिटी एसपी, एसडीओ, सिटी डीएसपी, थाना प्रभारी, आरएएफ, आईआरबी, बाइक दस्ता समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल रहे। रांची पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।



