देवरिया में गैलन व ड्रम में लोगों के तेल रखने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन सख्त हो गया। जिसके बाद कई जगहों पर गैलन व अन्य सामानों में तेल देने से पेट्रोल पंप कर्मचारी मना कर दिए। हालांकि पेट्रोल पंप पर तेल लेने के लिए लोग जनरेटर को ही धक्का देते हुए पहुंच गए।
यूपी में पिछले एक हफ्ते से डीजल-पेट्रोल को लेकर पेट्रोल पंप पर भीड़ उमड़ रही है। जिसकी वजह से कई पेट्रोल पंप खाली हो गए हैं। लोग गैलन, ड्रम लेकर तेल लेने पहुंच रहे हैं। हालांकि कई पेट्रोल पंप पर नियमों का हलावा देते हुए तेल देने से मना कर दिया गया। इसे लेकर जिला प्रशासन ने भी गाइडलाइन जारी की है। हालांकि देवरिया में प्रशासन की सख्ती पर एक युवक का देसी जुगाड़ भारी पड़ गया। दरअसल जब उसे गैलन में तेल नहीं मिला तो वह जनरेटर लेकर ही डीजल लेने पहुंच गया।
सरकार ने पेट्रोल, डीजल और गैस की किसी भी तरह की कमी से साफ इनकार किया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इसके बावजूद कई जगहों पर पैनिक बाइंग जारी है। दरअसल देविरया में गैलन व ड्रम में लोगों के तेल रखने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन सख्त हो गया। प्रशासन की सख्ती के बाद कई जगहों पर गैलन व अन्य सामानों में तेल देने से पेट्रोल पंप कर्मचारी मना कर दिए। जिसके बाद सलेमपुर उपनगर के हरैया स्थित पेट्रोल पंप पर तेल लेने के लिए लोग जनरेटर को धक्का देते हुए पहुंच गए और जनरेटर में तेल भरवाया।
भगौने में भरवाया तेल
बरहज थाना क्षेत्र के राम-जानकी मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें वाहनों की लंबी कतार के बीच एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखे भगौने में तेल भरवाया। वहीं, कुछ लोग कंबाइन और ट्रैक्टर समेत अन्य वाहन लेकर भी पंप पर पहुंचे थे।
वाटर टैंक ही लेकर तेल भरवाने पहुंच गया शख्स
डीजल-पेट्रोल के लिए भीड़ बस्ती में भी देखने को मिली। अयोध्या-बस्ती हाईवे पर एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दरअसल,भदावल कस्बे के एक पेट्रोल पंप पर एक शख्स खाली वाटर टैंक लेकर पेट्रोल भरवाने पहुंच गया। पंप पर मौजूद लोग पहले तो हैरान रह गए। हालांकि पंप कर्मचारी नियमों का हवाला देते हुए वाटर टैंक में पेट्रोल देने से साफ मना कर दिया।



