
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
एनएसएस इकाई प्रथम ने ‘वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत लगाए विभिन्न प्रजातियों के पौधे।
शक्तिनगर (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 अभियान के अंतर्गत महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी शक्तिनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम द्वारा रविवार को व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत एनटीपीसी टाउनशिप स्थित शक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाकर विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 101 पौधे विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के पुजारी अमरनाथ मिश्र ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण प्रकृति संरक्षण की अमूल्य धरोहर है। वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। वृक्ष न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए संजीवनी का कार्य भी करते हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर में जामुन, शहतूत, अमरूद, आम, बकायन, क्रैंच, अनार, नीम, नींबू एवं आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। वृक्षारोपण के साथ ही इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एनटीपीसी इलेक्ट्रिकल विभाग के उमाशंकर मिश्र ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। वृक्षों से हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ जल, औषधियां तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक लाभ प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी जिम्मेदारी के साथ देखभाल भी करनी चाहिए। एनएसएस इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटे लाल प्रसाद ने कहा कि पेड़ हमारे पर्यावरण की अमूल्य धरोहर हैं। ये न केवल धरती को हरियाली प्रदान करते हैं, बल्कि जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन उपलब्ध कराकर जैव विविधता को भी संरक्षित रखते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला जनआंदोलन बनना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पत्रकार रोहित विश्वकर्मा सहित नीरज, राहुल, हिमांशु, सना, आफरीन, प्रिया, ज्योति, पूनम, खुशबू, प्रभा, धनु, अंकुर, अंकिता, अमीषा एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।