
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने सोनभद्र दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए संगठन, प्रदेश की राजनीति, राम मंदिर चंदा प्रकरण और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद वह लगातार प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर रहे हैं, ताकि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके तथा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित हो। उन्होंने बताया कि सोनभद्र प्रवास के दौरान वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। राम मंदिर चंदा मामले से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी होगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर का विषय करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है और इस तरह के किसी भी प्रकरण से भारतीय जनता पार्टी को चुनावी नुकसान नहीं होने वाला है। जनता भाजपा की नीयत और कार्यों को अच्छी तरह जानती है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि जो लोग आज भाजपा पर सवाल उठा रहे हैं, वही अतीत में रामभक्तों पर गोली चलाने वाली राजनीति का हिस्सा रहे हैं। जनता ऐसे लोगों के बहकावे में आने वाली नहीं है और सच्चाई को अच्छी तरह समझती है। सोनभद्र के विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जिले में नए उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और पलायन पर भी रोक लगेगी। भाजपा सरकार प्रदेश के संतुलित विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के सभी बड़े नेताओं के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा एक बार फिर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाना है।