
संवाददाता। राजन जायसवाल।
कोन (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला नरोईयादामर में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अनुज गिरी (30) पुत्र श्यामलाल गिरी शनिवार रात लगभग नौ बजे अपने घर में मोबाइल चार्जर बिजली बोर्ड में लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक घर पर रहकर मेहनत-मजदूरी के जरिए अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके असामयिक निधन से चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। पत्नी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मोबाइल चार्जर लगाते समय युवक करंट की चपेट में आ गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
