Last Updated:
Chitrakoot News: यूपी के चित्रकूट में बढ़ती आबादी और आवासीय जरूरतों को देखते हुए देवांगना घाटी के पास करीब 12 हेक्टेयर भूमि पर नई टाउनशिप विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत इसके लिए जमीन क्रय की जा रही है.
चित्रकूट: भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में बढ़ती आबादी और आवासीय जरूरतों को देखते हुए शहरी विकास को नई दिशा देने की तैयारी है. धर्मनगरी में आध्यात्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है, लेकिन इसके साथ ही लोगों के सामने अपने घर की व्यवस्था करना भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. अब उनके लिए नई आवासीय योजना उम्मीद बन सकती है. मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत देवांगना घाटी के पास करीब 12 हेक्टेयर भूमि पर नई टाउनशिप विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. इसके लिए जमीन क्रय की जा रही है.
किराये के मकानों से मिलेगी राहत की उम्मीद
आपको बता दें कि चित्रकूट में धार्मिक पर्यटन के विस्तार के साथ बाजार, रोजगार और अन्य आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं. ऐसे में शहर में रहने वाले परिवारों के लिए व्यवस्थित आवास की जरूरत लगातार महत्वपूर्ण हो रही है. नई टाउनशिप विकसित होने से लोगों को नियोजित तरीके से घर बनाने का अवसर मिल सकता है, खासकर मध्यम आय वर्ग के परिवारों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है. हालांकि प्लॉट की कीमत और आवंटन की शर्तें अभी सामने आने नहीं आई है. इस टाउनशिप में प्लॉटों का आवंटन ऑनलाइन आवेदन और लॉटरी के माध्यम से किए जायेगा. इससे इच्छुक लोगों को आवेदन करने का अवसर मिलेगा.
आने वाले समय में बदल जायेगी शहर की तस्वीर
वहीं इस संबंध में चित्रकूट डीएम पुलकित गर्ग ने लोकल 18 को जानकारी में बताया कि महायोजना के प्रस्ताव लागू होने से नगर के विस्तार और बसावट को व्यवस्थित दिशा मिलेगी. देवांगना घाटी के पास प्रस्तावित नई टाउनशिप चित्रकूट के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी. यदि योजना समय पर धरातल पर उतरती है, तो इससे लोगों को घर बनाने के लिए नियोजित प्लॉट मिलने के साथ आसपास व्यापार और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ जाएगी. उन्होंने आगे की जानकारी में बताया कि अब तक 6 हेक्टेयर की भूमि क्रय कर ली गई है और आगे की भूमि क्रय करने की प्रक्रिया जारी है.



