सहारनपुर: दीपावली नजदीक आते ही लोग अपने घरों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई में जुट जाते हैं. ऐसे में अगर आप भी इस बार घर को नया रंग देने की तैयारी कर रहे हैं, तो सहारनपुर नगर निगम का प्राकृतिक पेंट आपके काम आ सकता है. यह पेंट गाय के गोबर से तैयार किया जाता है. इसकी कीमत 250 रुपये प्रति लीटर से शुरू होती है. वहीं, दीपावली के मौके पर नगर निगम की ओर से इस पेंट पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है. खास बात यह है कि यह पेंट कम से कम 10 साल तक टिकता है.
सहारनपुर नगर निगम की मां शाकंभरी कान्हा उपवन गौशाला में 500 से अधिक गोवंशों का संरक्षण किया जा रहा है. यहां गोबर और गोमूत्र से अलग-अलग उत्पाद तैयार किए जाते हैं. इसी पहल के तहत नगर निगम ने पिछले साल गाय के गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाना शुरू किया था. शुरुआत में इसकी गुणवत्ता परखने के लिए सरकारी भवनों और डिवाइडर पर इसका इस्तेमाल किया गया. अब नगर निगम ने इसे आम लोगों के लिए भी उपलब्ध करा दिया है, ताकि लोग अपने घरों की रंगाई-पुताई में इसका इस्तेमाल कर सकें.
250 रुपये प्रति लीटर से शुरू है कीमत
नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा के मुताबिक, गौशाला में गाय के गोबर से दो तरह के पेंट तैयार किए जाते हैं. इनमें डिस्टेंपर की कीमत 250 रुपये प्रति लीटर है, जबकि इमल्शन की कीमत 350 रुपये प्रति लीटर है. दीपावली के मौके पर दोनों तरह के पेंट की खरीद पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है.
सफेद रंग में मिलता है प्राकृतिक पेंट
नगर निगम का प्राकृतिक पेंट फिलहाल सफेद रंग में उपलब्ध है. अगर किसी को दूसरे रंग का पेंट चाहिए, तो उसमें अपनी पसंद के अनुसार रंग मिलाया जा सकता है. इससे लोग अपनी जरूरत के हिसाब से दीवारों का रंग तैयार करवा सकते हैं.
10 साल तक टिकता है पेंट
डॉ. संदीप मिश्रा के अनुसार, यह प्राकृतिक पेंट कम से कम 10 साल तक टिकता है. इसे बनाने में भारी धातुओं का इस्तेमाल नहीं किया जाता. इसके अलावा, इस पेंट में एंटीमाइक्रोबियल और एंटीफंगल गुण भी हैं. यह गर्मियों में ठंडक और सर्दियों में गर्माहट बनाए रखने में मदद करता है. इसमें हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल नहीं किया जाता, जिससे पेंट कराने के बाद आंखों में जलन जैसी परेशानी भी नहीं होती.
यहां से खरीद सकते हैं प्राकृतिक पेंट
सहारनपुर में इस पेंट को खरीदने के लिए नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी कार्यालय, कंट्रोल रूम या मां शाकंभरी कान्हा उपवन गौशाला में संपर्क किया जा सकता है. नगर निगम की ओर से ईमेल के माध्यम से भी जानकारी लेने की सुविधा दी गई है. पेंट की उपलब्धता और खरीद की प्रक्रिया के बारे में संबंधित कार्यालय से जानकारी ले सकते हैं.

