Last Updated:
Asian Games China Women Cricket Team: चीन की महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स की शुरुआत से पहले ही बाहर हो गई. दिलचस्प बात ये रही कि मैच में एक गेंद तक नहीं फेंकी गई और बिना इसके ही चीन को बेरंग लौटना पड़ा. आखिर ऐसा क्यों हुआ? किस नियम के तहत हुआ और इससे भारतीय महिला क्रिकेट टीम को क्या फर्क पड़ेगा, चलिए जानते हैं.
चीन की महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स से बाहर
न टीम मैदान में उतरीं, न बल्ला चला, न गेंद फेंकी गई… फिर भी चीन का एशियन गेम्स का सफर खत्म हो गया. हो गया न हैरान! लेकिन ये सच है. जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 खेलों की आधिकारिक शुरुआत से दो दिन पहले चीनी महिला क्रिकेट टीम को करारा झटका लगा. टीम बिना मैदान पर उतरे ही निराशाजनक तरीके से बाहर हो गई.
खराब मौसम के चलते रद्द चीन VS बांग्लादेश मुकाबला
दरअसल, आज निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में महिला T20I क्रिकेट इवेंट का पहला क्वार्टर-फाइनल चीन और बांग्लादेश के बीच खेला जाना था. ये मैच खराब मौसम के चलते बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया. यह चीन के लिए बहुत भारी पड़ा, जो 2010 के बाद से तीसरी बार एशियाई खेलों में हिस्सा ले रही थी.
बांग्लादेश ने चीन से आगे कैसे जगह बनाई?
एशियाई खेलों के क्रिकेट खेलने के नियमों के अनुसार नियम 16.10.2 (B) में कहा गया है कि मैच रद्द होने की स्थिति में बेहतर रैंकिंग वाली टीम आगे बढ़ेगी. इस तरह मैच रद्द होने के बावजूद निगार सुल्ताना की कप्तानी वाली बांग्लादेशी टीम चीन से आगे बढ़कर सेमीफाइनल में पहुंच गई. गुरुवार को इसी मैदान पर पाकिस्तान और थाईलैंड के बीच दूसरा क्वार्टर-फाइनल होना है. इस हार के साथ ही एशियन गेम्स में चीन का क्रिकेट अभियान समाप्त हो गया है, क्योंकि मेंस टीम क्वालीफाई नहीं कर पाई है.
सेमीफाइनल में भारत की हो सकती है टक्कर
यह नियम 2023 के एडिशन में भी लागू हुआ था, जब भारत-पाकिस्तान और बांग्लादेश से जुड़े चार में से तीन क्वार्टर-फाइनल मैच बारिश के कारण रद्द हो गए थे. वैसे यहां आपका जानना जरूरी है कि सारे मैच इसी लोकेशन पर होने हैं, ऐसे में भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाला संभाविचत सेमीफाइनल मुकाबला भी बारिश के चलते धुल सकता है. हरमनप्रीत कौर की टीम शुक्रवार को निशिन में अपने क्वार्टर-फाइनल मैच में मेजबान जापान से भिड़ेगी.
22 सितंबर को होगा गोल्ड मेडल मैच
एशियन गेम्स के दोनों सेमीफाइनल मैच रविवार यानी 20 सितंबर को होने हैं जबकि 22 सितंबर का टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल मैच खेला जाएगा. श्रेयर अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय मेंस टीम 22 सितंबर को ही टोक्यो से लगभग 100 किलोमीटर दूर सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर जापान के साथ अपना पहला द्विपक्षीय मैच खेलेगी. एशियन गेम्स में भारतीय मेंस टीम अपने अभियान की शुरुआत 28 सितंबर से सीधे क्वार्टर फाइनल से करेगी.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…
और पढ़ें


