ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में शनिवार आधी रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर कंपू स्थित एसटीएल स्पा सेंटर पर संयुक्त पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी की।
ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में शनिवार आधी रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर कंपू स्थित एसटीएल स्पा सेंटर पर संयुक्त पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक युवक, दो युवतियों और स्पा सेंटर की महिला मैनेजर को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है और स्पा सेंटर को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है।
अचानक छापे से मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि सीएसपी इंदरगंज रॉबिन जैन और प्रोबेशनल डीएसपी अनुश्री के नेतृत्व में कंपू, पड़ाव और इंदरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अचानक पहुंचने से स्पा सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने जब अंदर बने कमरों की तलाशी ली तो वहां युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस को देखकर कुछ लोगों ने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
स्पा की आड़ में चल रहा था देह व्यापार
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों को आकर्षित कर कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा था। इसके लिए ग्राहकों से ढाई हजार से तीन हजार रुपये तक वसूले जाने की जानकारी सामने आई है।
ग्वालियर की दो लड़कियां हिरासत में
कार्रवाई में हिरासत में लिए गए युवक की पहचान प्रद्युमन सिंह सिकरवार के रूप में हुई है, जबकि स्पा सेंटर की महिला मैनेजर रागिनी यादव को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पकड़ी गई दोनों युवतियां ग्वालियर की रहने वाली बताई जा रही हैं। उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है। वहीं दो अन्य युवकों को भी निगरानी में लेकर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटर की आड़ में यह कथित अवैध गतिविधि कब से चल रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (PITA) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


