
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
डाला बाजार। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पंचायत डाला बाजार के वार्ड संख्या-6 छठ स्थित घाट समेत अन्य वार्डों में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती कुमारी ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर अध्यक्ष फुलवंती कुमारी ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु तथा आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित नगरवासियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान छठ घाट परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत के गणमान्य नागरिक, स्थानीय निवासी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया।